यूपी में ‘दिव्यांगजन रोजगार अभियान 2.0’ का शखनाद, 75 जिलों में 13 फरवरी तक चलेगा विशेष अभियान
लखनऊ, अमृत विचार : उप्र. कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में प्रदेश के सभी 75 जिलों में “दिव्यांगजन रोजगार अभियान 2.0” का शुभारंभ हो गया है। यह विशेष अभियान 06 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक चलेगा, जिसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को केवल रोजगार से जोड़ना ही नहीं, बल्कि उनकी अंतर्निहित प्रतिभा को निखारकर उन्हें प्रदेश की आर्थिक प्रगति में सहभागी बनाना है।
कौशल विकास मिशन मुख्यालय में मिशन निदेशक पुलकित खरे की अध्यक्षता में शुक्रवार को संपन्न वर्चुअल बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी, उपायुक्त (एमएसएमई) एवं जिला सेवायोजन अधिकारी शामिल हुए। मिशन निदेशक ने निर्देश दिए कि सभी प्रशिक्षित दिव्यांग युवाओं की अद्यतन सूची तैयार कर उन्हें विभिन्न रोजगार अवसरों से जोड़ा जाए।
साथ ही कहा कि पूर्व में ‘दिव्यांगजन रोजगार अभियान’ के माध्यम से रोजगार प्राप्त कर चुके 720 दिव्यांगजनों से फीडबैक लिया जाए, ताकि भविष्य की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने और अधिकतम दिव्यांगजनों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए गए। अपर मिशन निदेशक प्रिया सिंह, संयुक्त निदेशक मयंक गंगवार, सहायक निदेशक डॉ. एम.के. सिंह एवं डॉ. पवित्रा टंडन सहित सभी जनपदों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
