Bareilly : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बढ़ेगी एमएसएमई की दक्षता
विभिन्न जिलों से आए उद्यमियों को व्यावसायिक विकास में एआई का उपयोग सिखाया
बरेली, अमृत विचार। वधवानी फाउंडेशन ने इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) बरेली चैप्टर और ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन (एआईएमए) के सहयोग से शुक्रवार को शहर के एक होटल में ''आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस'' विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया, जिसमें उद्यमियों को एआई के व्यावहारिक और व्यवसाय-केंद्रित उपयोग की जानकारी दी गई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई उद्यमियों को उभरती तकनीकों, विशेषकर एआई के व्यावसायिक अनुप्रयोगों से परिचित कराना था।
ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन के असिस्टेंट डायरेक्टर एकता नैय्यर ने बताया कि किस तरह एआई का इस्तेमाल उत्पादन क्षमता बढ़ाने, लागत नियंत्रण और मानव संसाधन से लेकर वित्तीय निर्णयों तक में किया जा सकता है। प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया। वाधवानी फाउंडेशन की श्वेता सिंह ने प्रतिभागियों को वधवानी एक्सेलेरेट बिजनेस ग्रोथ सपोर्ट प्रोग्राम, वधवानी स्प्रिंट प्लेटफॉर्म और लिफ्ट ऑफ एआई प्लेटफार्म जैसे संसाधनों की जानकारी दी। बताया कि इन प्लेट फॉर्म्स के माध्यम से एमएसएमई उद्यमी व्यवसायिक चुनौतियों की पहचान और एआई आधारित रणनीतियों और योजनाओं को अपने व्यवसाय में लागू कर सकते हैं।
आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में एआई को अपनाना उद्योगों के लिए आवश्यकता बन चुका है। इस प्रकार की कार्यशालाएं उद्यमियों को नई तकनीक से जोड़कर उन्हें अधिक सक्षम, प्रतिस्पर्धी एवं भविष्य के लिए तैयार बनाती हैं। आईआईए बरेली चैप्टर के चेयरमैन मयूर धीरवानी ने कहा कि प्रतिस्पर्धात्मक युग में एमएसएमई एवं उद्योगों के लिए एआई कोई विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुका है। सचिव रजत मेहरोत्रा ने कहा कि यह कार्यशाला एमएसएमई उद्यमियों के लिए उपयोगी रही। आशीष गुप्ता ने कहा कि एआई के माध्यम से वित्तीय प्रबंधन, लागत नियंत्रण एवं संसाधनों के बेहतर उपयोग की असीम संभावनाएं हैं। कार्यशाला में शाहजहांपुर के चैप्टर चेयरमैन विनम्र अग्रवाल, मुरादाबाद के चैप्टर चेयरमैन रवि कटारिया, धनंजय विक्रम सिंह, तरुण अग्रवाल, आशुतोष शर्मा, राजीव आनंद, सलिल बंसल, सजल गोयल, सुदीप राजगाढ़िया, ध्रुव खानिजों, प्रियंक वर्मा, मंसूर कटियार, सौरभ मेहरोत्रा, अंशुल जैन, अंकित अग्रवाल, अमन अरोरा सहित मंडल से करीब सौ उद्यमियों ने भाग लिया।
