Holi 2026: होली में दगाइए बम तो बरसेगा रंग... धमाकों से महक उठेगा वातावरण

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: जरा सोचिए! रंगों का पर्व होली हो और इस दौरान कोई माचिस की तीली से पटाखा जलाए और उससे रंग बरसाने की बात कहे तो आपका चौंकना लाजिमी है। लेकिन बाजारीकरण के इस दौर में यह सोलह आना सच है। बाजारों में हर्बल रंग और गुलाल तो हैं ही लेकिन ऐसे-ऐसे पटाखों की रेंज है जो धमाके के साथ खुशबूदार गुलाल और रंगों की बरसात कर देते हैं। उनके नाम भी पटाखों वाले ही हैं। सिंगिल शॉट, अनार, कलर बम, स्काई शॉट, रंगों वाले सिलेंडर जो चंद पलों में पूरे वातावरण को रंगीन कर महका देते हैं।

MUSKAN DIXIT (15)

7 शॉट का कमाल, रुक-रुक कर सात धमाके और रंगीन गुलाल

7 शॉट के नाम रंगों के बाजार में इसका जलवा है। यहियागंज बाजार के थोक कारोबारी शेखर गुप्ता बताते हैं कि करीब 750 रुपये एक पीस की कीमत है। इसमें सात पीस होते हैं। इनमें रंगीन महकदार गुलाल भरा होता है। जैसे ही इसे माचिस की तीली दिखाएंगे इसका कमाल देख हतप्रभ रह जाएंगे। एक-एक और रुक-रुक कर धमाके होते जाएंगे और वातावरण को अलग रंगों के भर देंगे। करीब दो से तीन मिनट का यह आइटम अपनी छाप छोड़ता है। फाइव-इन-वन 150 रुपये का है।

MUSKAN DIXIT (16)

मैजिक पेंसिल और लाम्बा का जवाब नहीं

व्यापारियों के मुताबिक मैजिक पेंसिल 160 रुपये का है तो लाम्बा थ्री-इन-वन है। इसकी कीमत 250 रुपये प्रति डिब्बा है।

अनार बम गुलाल से करेंगे रोशन

अनार बम की भी अपनी खासियत है। बाहर की ओर उसकी बत्ती निकालिए और माचिस की तीली जलाकर उसमें लगा दीजिए। बिल्कुल अनार की तरह रंगीन गुलाल फुहार की तरह ऊपर उठता है और वातावरण में छा जाता है। इसकी कीमत 90 से शुरू होकर 150 तक है। एक पैक में तीन पीस आते हैं।

150 रुपये का पबजी रंगीन कर देगा होली

पबजी के नाम से भला कौन अनभिज्ञ होगा। इसकी डिमांड खूब है। 150 रुपये के तीन पीस हैं। शेखर गुप्ता के मुताबिक इसे बच्चे और किशोर ज्यादा खरीद रहे हैं।

MUSKAN DIXIT (18)

भगवा गुलाल, बसंती और हल्के गुलाबी गुलाल की मांग

होली में भगवा रंग, बसंती और हल्के गुलाबी रंग के इको फ्रेंडली गुलाल की मांग है। बोरियों में बाजार से यह रंग बहुत तेजी से उठ रहे हैं।

नॉब खींचिए और गुलाल उड़ाइए

सिलेंडर की अपनी पहचार है। यह किसी गैस के छोटे सिलेंडर की तरह रंगों की दुकानों पर नजर आता है। दो किलो से लेकर छह और साढे़ सात किलो तक के सिलेंडर बाजार में हैं। कारोबारी अनिल गुप्ता और राजेश बताते हैं कि इसकी कीमत 550 से शुरू होकर 1,200 रुपये तक हैं। इनमें डबल जेड के खरीदार हैं। इस सिलेंडर शॉट की कीमत गुलाल के वजन के हिसाब से तय होती है। नॉब खींचिए और गुलाल उड़ाइए। इस सिलेंडर शॉट का नॉब खीचते ही इसमें से पानी नहीं गुलाल निकलेगा।

MUSKAN DIXIT (19)

पहली बार दिखा बाजार में काला रंग

आमतौर पर लोग काला रंग नहीं खेलते हैं लेकिन इस बार बाजार में काला रंग नजर आया। सतरंगा डिब्बा में सात तरह के रंग हैं। इनकी कीमत 250 रुपये है। इनमें सात तरह के रंग अलग-अलग डिब्बों में रखे हैं। पहली बार आया काला रंग देखकर ग्राहक और दुकानदार दोनों अचंभित हैं।

रंग कीमत ( रुपये प्रति किलो)
गुलाबी रंग की सबसे टॉप वैरायटी (रूह) 1,800 से 2,000
हरा रंग अव्वल 1,200 से 1,400
बैंगनी 500 से 700
लाल रंग 600 से 800
गुलाल हर्बल 100 से 200

 

संबंधित समाचार