प्रयागराज : SRN अस्पताल में ब्लड सैंपल को लेकर भिड़े जूनियर डॉक्टर और तीमारदार, चार घायल
प्रयागराज। प्रयागराज में स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) के हड्डी रोग विभाग में ब्लड सैंपल लेने को लेकर जूनियर डॉक्टरों और मरीज के तीमारदारों के बीच मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार कौशांबी जिले के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के चिकवन का पूरा निवासी राकेश चौधरी दो दिन पूर्व मारपीट में घायल होने के बाद जिला अस्पताल से एसआरएन रेफर किए गए थे।
उन्हें हड्डी रोग विभाग के वार्ड नंबर-2 में भर्ती किया गया था। बताया गया कि गुरुवार देर शाम दो जूनियर डॉक्टर वार्ड में राकेश का ब्लड सैंपल लेने पहुंचे। आरोप है कि मरीज के तीमारदार प्रदीप दिवाकर और रिश्तेदार कमल चौधरी ने सैंपल देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। झड़प में दोनों डॉक्टरों के अलावा प्रदीप और कमल को भी गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना पर एसआरएन चौकी पुलिस और अस्पताल प्रशासन मौके पर पहुंचा। चौकी प्रभारी आनंद यादव ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस के अनुसार अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
