Holi Special: 28 फरवरी से 9 मार्च तक यूपी रोडवेज में अतिरिक्त बसें, योगी सरकार ने यात्रियों के लिए की खास तैयारी... कर्मचारियों को भी मिलेगा प्रोत्साहन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

दिल्ली–गाजियाबाद सहित पश्चिमी यूपी में पहले से बसों व स्टाफ की तैनाती

लखनऊ, अमृत विचार: होली पर्व पर यात्रियों की सुगम और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार ने विशेष परिवहन व्यवस्था लागू की है। इसके तहत 28 फरवरी से 9 मार्च तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। साथ ही, पर्व अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को 3600 से 4500 रुपये तक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि दिल्ली और गाजियाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश से यात्रा का दबाव अधिक रहता है। इसे देखते हुए इन क्षेत्रों में बसों और कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या पहले से सुनिश्चित की जाएगी। यदि प्रारंभिक प्वाइंट से 60 प्रतिशत यात्री लोड मिलता है, तो प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। उन्होंने निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत निगम बसें ऑन-रोड रहें और अनुबंधित बसों के कर्मियों को पर्व अवधि में अवकाश न दिया जाए। वाहन स्वामियों को समय से मरम्मत कार्य पूरा कर बसें संचालन हेतु उपलब्ध कराने को कहा गया है।

कर्मचारियों के लिए विशेष प्रोत्साहन

पर्व अवधि में प्रतिदिन औसतन 300 किमी संचालन पर चालक–परिचालकों को ₹360 प्रतिदिन की दर से ₹3600 मिलेंगे। 10 दिन की पूर्ण ड्यूटी और निर्धारित मानक पूरा करने पर ₹450 प्रतिदिन की दर से ₹4500 तथा मानक से अधिक किलोमीटर पर ₹0.55 प्रति किमी अतिरिक्त मानदेय मिलेगा। डिपो व क्षेत्रीय कार्यशालाओं के कर्मचारियों को 10 दिन की ड्यूटी पर ₹2100 और 9 दिन पर ₹1800 एकमुश्त दिए जाएंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को क्षेत्रीय समिति की संस्तुति पर अतिरिक्त सम्मान भी प्रदान किया जाएगा।

संबंधित समाचार