Bareilly : बहेड़ी, फरीदपुर और नवाबगंज में हेलीपैड के लिए जगह चिह्नत
बरेली, अमृत विचार। वीआईपी के आवागमन को सुगम बनाने के लिए जिले की बहेड़ी, फरीदपुर और नवाबगंज तहसील में जगह का चयन कर लिया गया है। सदर तहसील में पुलिस लाइन में हैलीपेड बना हुआ। बाकी दो तहसीलों फरीदपुर और आंवला में भूमि की तलाश जारी है। अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक तहसील में एक-एक हेलीपैड बनाया जाना है।
जिले में अभी फिलहाल पुलिस लाइन में ही हेलीपैड है। जहां वीआईपी के हेलिकॉप्टर उतारे जाते हैं। शासन के निर्देश पर जिले की सभी छह तहसीलों में स्थायी हेलीपैड बनाने का जिम्मा लोक निर्माण विभाग को दिया गया है। प्रत्येक हेलीपैड के लिए करीब 225 वर्ग मीटर भूमि की आवश्यकता होगी। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन भगत सिंह ने बताया कि बहेड़ी और नवाबगंज में जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
वहीं एक्सईएन राजीव अग्रवाल ने फरीदपुर में भी निर्माण की तैयारियां पूरी होने का संकेत दिया है। हालांकि मीरगंज में प्रस्तावित स्थल के पास हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जिसकी वजह से वहां हेलीपैड निर्माण फिलहाल संभव नहीं है। योजना के तहत हर हेलीपैड के लिए 31 लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। वहीं, सदर तहसील में पहले से मौजूद हेलीपैड को अपग्रेड करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है ताकि उसकी क्षमता और सुविधा बढ़ाई जा सके।्र
