होली से पहले ट्रेनों में मची मारामारी: लखनऊ रूट की ज्यादातर ट्रेनें फुल, 28 फरवरी के बाद 'नो रूम' की स्थिति, स्पेशल ट्रेनें भी हाउसफुल!

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः होली से पहले ही दिल्ली, मुंबई, पंजाब, जम्मू व मध्य प्रदेश से लखनऊ होकर बिहार, कोलकाता जाने वाली ट्रेनों में जबरदस्त है। नियमित ही नहीं होली स्पेशल ट्रेनों तक में सीटें खाली नहीं हैं। 28 फरवरी के बाद ज्यादातर ट्रेनों में तो नो रूम की स्थिति है।

दिल्ली से बिहार जाने वाली 32 नियमित और सात होली स्पेशल ट्रेनें लखनऊ से गुजरती हैं। इनमें किसी भी ट्रेन में किसी में भी सीट उपलब्ध नहीं है। लखनऊ मेल, फरक्का, गोरखधाम, वैशाली, श्रमजीवी और बिहार संपर्क क्रांति जैसी प्रमुख ट्रेनों में रिग्रेट की स्थिति है। न्यू दिल्ली-डिब्ब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस में सेकेंड एसी में रिग्रेट और थर्ड एसी में 268 वेटिंग चल रही है। वंदे भारत एक्सप्रेस के चेयरकार में 144 वेटिंग है। तेजस एक्सप्रेस के तत्काल कोटे में 200 और गोरखपुर-आनंद विहार स्पेशल में थर्ड एसी में 605 तक वेटिंग है।

मुंबई रूट पर भी सीटों का टोटा

मुंबई से लखनऊ होकर गोरखपुर व बिहार जाने वाली कुशीनगर समेत सात नियमित समेत सभी नौ ट्रेन फुल हैं। एलटीटी-भटनी, बांद्रा-लखनऊ और छत्रपति शिवाजी टर्मिनल-गोरखपुर स्पेशल में भी प्रतीक्षा सूची लगातार बढ़ रही है। पुष्पक में भी लंबी वेटिंग है।

जम्मू-पंजाब रूट की ट्रेनों में भी रिग्रेट

जम्मू और पंजाब से वाया लखनऊ बिहार व कोलकाता जाने वाली ट्रेनों में भी जगह नहीं है। अमृतसर-हावड़ा और बेगमपुरा समेत कई ट्रेनों में वेटिंग लंबी है। यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही है, जिससे त्योहार से पहले रेल व्यवस्था पर दबाव साफ नजर आ रहा है।

 

संबंधित समाचार