आगरा में एसटीएफ को मिली बड़ी कामयाबी: 50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर, हत्या और रंगदारी में था नामजद
आगरा। उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने आगरा जिले में शुक्रवार शाम 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश पवन को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस सूत्रों के अनुसार पवन की लोकेशन मिलने पर एसटीएफ टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान बदमाश की ओर से की गई फायरिंग के जवाब में हुई मुठभेड़ में वह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ में एसटीएफ का एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिये भर्ती कराया गया है। मारे गये बदमाश के पास से 9 एमएम और 32 बोर की पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक 9 एमएम की सरकारी पिस्टल उसने वर्ष 2016 में नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में एक सिपाही से लूटी थी। पवन मूल रूप से गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र का निवासी था।
शुक्रवार को नोएडा एसटीएफ यूनिट उसकी तलाश में आगरा पहुंची थी, जहां आमना-सामना होने पर मुठभेड़ हो गई। पुलिस अभिलेखों के अनुसार उसके खिलाफ हत्या के चार, रंगदारी के दो समेत कुल 18 मुकदमे दर्ज थे। वह कुख्यात अपराधी रणदीप भाटी और अमित कसाना गैंग से जुड़ा रहा है तथा शूटर के रूप में सक्रिय था। वर्ष 2021 में एक हत्या प्रकरण में उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था और वह दिल्ली में जेल भी गया था।
जेल में रहने के दौरान वह हिमांशु भाऊ गैंग के संपर्क में आया। सूत्रों के मुताबिक वर्ष 2025 में जेल से छूटने के बाद उसने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दोबारा रंगदारी वसूलना शुरू कर दिया था और कई लोगों को धमकी दे रहा था। एसटीएफ की टीमें उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए थीं और उसकी तलाश में जुटी थीं।
ये भी पढ़ें :
कानपुर सेंट्रल स्टेशन को बम की धमकी: 36 घंटे में दूसरी बार आया फोन, तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
