Bareilly : 14-15 मार्च को अग्निवीर और दरोगा अभ्यर्थियों का मेला, जाम से निपटना बड़ी चुनौती

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली शहर में मध्य मार्च में दो दिन अग्निवीर और दरोगा अभ्यर्थियों का मेला लगेगा। कई जिलों के हजारों अभ्यर्थियों के रेलवे जंक्शन और रोडवेज बस अड्डों से आवाजाही के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था संभालना भी चुनौती बनेगा। जाट रेजिमेंट केंद्र परिसर में 11 मार्च से अग्निवीर भर्ती मेला शुरू होगा, जबकि 14 और 15 मार्च को दरोगा समेत अन्य पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा है। इस परीक्षा में दूसरे जिलों के करीब 32 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे। हालांकि, 11 से अग्निवीर भर्ती शुरू होने के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च को होगी। जिले में 19 केंद्रों पर परीक्षा दो शिफ्टों में सुबह 10 बजे से 12 बजे और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगी। परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए 19 स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। डीएम ने आदेश में कहा है कि केंद्रों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की व्यवस्था एसएसपी द्वारा सुबह 7 बजे से दोनों पालियों की परीक्षा समाप्ति तक सुनिश्चित की जाएगी। 

केंद्रों के स्टेटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा से तीन दिन पहले भौगोलिक स्थिति परखने के निर्देश दिए। अभ्यर्थियों को पेन, प्रवेश पत्र व पहचान पत्र के अतिरिक्त सभी सामग्री परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए क्लॉक रूम में जमा करनी है। केंद्र व्यवस्थापकों को अभ्यर्थियों की प्रभावी फिस्किंग एंड चेकिंग करने के निर्देश दिए। अभ्यर्थियों के पहचान पत्र, प्रवेश पत्र की चेकिंग के साथ उनके चश्मों की भी जांच करें। इसी प्रकार जूते-मोजे, स्कार्फ, मफलर आदि उतरवाकर सघनता से फिस्किंग करें। चेकिंग के दौरान संदिग्ध या दोषी व्यक्तियों के खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों को संबंधित पुलिस थाने को तत्काल अवगत कराने और परीक्षा केंद्र से परीक्षा समाप्त होने तक किसी अभ्यर्थी को बाहर न निकलने देने के निर्देश दिए। वहीं, एक पाली में करीब 8158 अभ्यर्थी शामिल होंगे। चार पालियों में 32 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे।

यहां बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
जिलाधिकारी ने बरेली कॉलेज के ब्लॉक ए, ब्लॉक बी, ब्लॉक सी, ब्लॉक डी और ब्लॉक ई में केंद्र बनाए। बरेली इंटर कॉलेज में एक, बिशप मंडल इंटर कॉलेज, दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज के ब्लॉक ए, ब्लॉक बी में केंद्र बनाया है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, केपीआरसी कला केंद्र गर्ल्स इंटर कॉलेज कंकड़ कुआं मंदिर शाहबाद आलमगिरीगंज रोड, कुंवर रंजीत सिंह इंटर कॉलेज नगरिया परीक्षित नियर एयरफोर्स गेट, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, साहू गोपी नाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज, विष्णु इंटर कॉलेज माधोबाड़ी नरकुलागंज में परीक्षा केंद्र बनाए हैं।

तीन जोन बनाए, पीसीएस अफसर किए तैनात

जिलाधिकारी ने पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्रों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रों को तीन जोन में बांटा है। जोन एक में 1,2,3, 4, 5, 6, 8 व 16 नंबर के केंद्र शामिल किए हैं। एडीएम जे देश दीपक सिंह को जोन मजिस्ट्रेट बनाकर जिम्मेदारी सौंपी है। जोन दो में 7, 9, 10, 12, 13, 14, 17 व 19 नंबर के केंद्र शामिल किए हैं। इस जोन की जिम्मेदारी नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा व्यवस्था संभालेंगे। जोन तीन में 11, 15 और 18 नंबर केंद्र शामिल किए हैं। एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह व्यवस्था देखेंगे।

संबंधित समाचार