BBD League : यशस्वी और सागर की तूफानी पारियों से आरईपीएल क्रूसेडर्स और ध्रुव अकादमी विजयी
लखनऊ, अमृत विचार : 21वीं बाबू बनारसी दास ए डिवीजन क्रिकेट लीग में शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों में आरईपीएल क्रूसेडर्स क्लब और ध्रुव क्रिकेट अकादमी ने शानदार जीत दर्ज कर पूरे अंक हासिल किए। एक ओर जहां आरईपीएल क्रूसेडर्स ने अखिल इंफ्रा क्रिकेट क्लब को आठ विकेट से हराया, वहीं ध्रुव क्रिकेट अकादमी ने लाइफ केयर क्रिकेट क्लब को पांच विकेट से पराजित किया।
स्पोर्ट्स गैलेक्सी बी ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करते हुए अखिल इंफ्रा क्रिकेट क्लब की टीम 32 ओवर में 123 रन पर सिमट गई। अंश पटेल ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। आरईपीएल क्रूसेडर्स की ओर से आकर्ष श्रीवास्तव और शाश्वत पाण्डेय ने दो-दो विकेट झटके। 124 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरईपीएल क्रूसेडर्स ने 21.5 ओवर में मात्र दो विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अमन यादव ने 48 रन की पारी खेली, जबकि यशस्वी मिश्रा ने नाबाद 55 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
जीसीआरजी ग्राउंड पर खेले गए दूसरे मुकाबले में लाइफ केयर क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 38 ओवर में छह विकेट पर 224 रन बनाए। शिवांश कपूर ने 74 गेंदों पर नौ चौकों और चार छक्कों की मदद से 101 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में उतरी ध्रुव क्रिकेट अकादमी ने 29 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मैन ऑफ द मैच सागर शर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 62 गेंदों में 10 चौके और आठ छक्कों की मदद से नाबाद 114 रन बनाए और टीम को यादगार जीत दिलाई।
ये भी पढ़ें :
National Science Day : स्कूली छात्रों ने देखी CSIR-NBRI की प्रयोगशाला, तकनीकी नवाचारों एवं प्रमुख उपलब्धियों की ली जानकारी
