सुलतानपुरः 50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

सुलतानपुरः सुलतानपुर जिले के बल्दीराय क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। उसने बताया कि शनिवार रात सूचना मिली थी कि एक बदमाश अवैध शस्त्र लेकर बाजार की ओर जा रहा है जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस बल पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया।

पुलिस ने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस दल द्वारा चलाई गोली बदमाश के पैर में जा लगी। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया। उसने बताया कि बदमाश की पहचान हलियापुर थाना क्षेत्र के निवासी आदर्श सिंह के रूप में हुई है जो हलियापुर थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और एक कारतूस बरामद किया गया है।

सिंह के मुताबिक, पिछले वर्ष 20 नवंबर को अयोध्या पुलिस आदर्श सिंह को गिरफ्तार करने सुलतानपुर स्थित उसके घर पहुंची थी। आरोप है कि तब उसने परिजनों के साथ मिलकर पुलिस पर हमला किया था और पुलिसकर्मियों के मोबाइल फोन व सरकारी हथियार छीन लिए थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

संबंधित समाचार