यूपी में बिजली समस्याओं पर लगेगा ब्रेक: बनेगा नया अत्याधुनिक कंट्रोल रूम, शिकायत दर्ज करा सकेंगे उपभोक्ता
लखनऊ, अमृत विचार: बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान को और तेज और प्रभावी बनाने के लिए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने बड़ा कदम उठाया है। अब उपभोक्ताओं को सिर्फ 1912 हेल्पलाइन पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, क्योंकि लखनऊ में नया अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। गोखले मार्ग स्थित निगम मुख्यालय में बन रहे इस कंट्रोल रूम के जरिए उपभोक्ता सीधे बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। खास बात यह है कि यहां दर्ज शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे लोगों को लंबे इंतजार से राहत मिलेगी।
अब तक उपभोक्ताओं के लिए 1912 हेल्पलाइन ही एकमात्र सहारा था, लेकिन लगातार मिल रही असंतोषजनक प्रतिक्रियाओं को देखते हुए निगम ने यह नई पहल की है। निगम के निदेशक (तकनीकी) हरीश बंसल के अनुसार, कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी अधिशासी अभियंता को सौंपी जाएगी, जिससे निगरानी और जवाबदेही दोनों मजबूत होंगी।
इस कंट्रोल रूम में सिर्फ उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि फील्ड में कार्यरत जेई, एसडीओ और अन्य अधिकारी भी बिजली आपूर्ति में आने वाली तकनीकी खामियों और संसाधनों की कमी की जानकारी साझा कर सकेंगे। इससे समस्याओं का समाधान ज्यादा प्रभावी और तेज हो सकेगा। कंट्रोल रूम में कई फोन लाइनों की सुविधा होगी और शिकायत दर्ज होते ही उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इसके नंबर जारी करने की प्रक्रिया चल रही है, जिसे जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा।
इन जिलों को मिलेगा लाभ
लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर, बाराबंकी, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत के उपभोक्ताओं को मिलेगा।
