Census News: यूपी में जनगणना की तैयारियां तेज, एसपी गोयल ने की जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्य सचिव एसपी गोयल ने निर्देश दिए कि जनगणना 2027 के पहले चरण की सभी तैयारियां 10 अप्रैल तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने विशेष रूप से घनी शहरी, झुग्गी और अधिक गतिशील आबादी वाले क्षेत्रों में सटीक और पूर्ण गणना सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मुख्य सचिव बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। 

बैठक में भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण भी शामिल हुए। सीएस एसपी गोयल ने राज्य में करीब 5.5 लाख प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए उनका सत्यापित डिजिटल डेटाबेस 10 अप्रैल तक तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी कार्मिकों का प्रशिक्षण 16 अप्रैल से 7 मई के बीच अनिवार्य रूप से पूरा कराने को कहा गया है।

बैठक में बताया गया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी। मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक होगा, जबकि जनसंख्या गणना का दूसरा चरण 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 के बीच संपन्न कराया जाएगा।

बैठक में जनगणना निदेशक शीतल वर्मा ने तैयारियों और डिजिटल प्रक्रिया पर प्रस्तुति दी, जबकि प्रमुख सचिव राजस्व अपर्णा यू, प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन मनीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

स्व-गणना का भी होगा विकल्प

मुख्य सचिव ने कहा कि आम नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके तहत राज्य में स्व-गणना पोर्टल 7 मई से 21 मई 2026 तक खुलेगा, जहां नागरिक अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

 ये भी पढ़ें :
यूपी में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय को दिए 1368 करोड़, सरकार ने दी प्रशासनिक-वित्तीय मंजूरी

संबंधित समाचार