राहुल गांधी का 'दलित दांव':लखनऊ में कांशीराम जयंती पर आज कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश, चुनाव से पहले बड़ी रणनीति
लखनऊ, अमृत विचार: विधान चुनावों की आहट सुनाई दे रही है तो कांग्रेस ने दलितों को साधने की कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बसपा संस्थापक कांशीराम की जयंती के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर दलितों को पाले करने की कवायद करेंगे।
बसपा जहां दलित वोटों पर पहला हक अपना मानती है, वहीं समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के नेता भी अपने-अपने तरीकों से दलित वोटों को अपने पाले में करने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस भी अब मैदान में आ गई है। बसपा के संस्थापक कांशीराम की जयंती 15 मार्च को है। लेकिन कांग्रेस ने बाजी मारते हुए उनकी जयंती को 13 मार्च, शुक्रवार को मनाने का ऐलान कर दिया है। इस कार्यक्रम को कांग्रेस सामाजिक परिवर्तन दिवस के रूप में मना रही है। आयोजन प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया जाएगा।
कांग्रेस के प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने बताया कि राहुल गांधी शुक्रवार को दोपहर दो बजे विमान से लखनऊ पहुंचेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश भर के करीब 15 हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन डाॅ. राजेन्द्र पाल गौतम, पिछड़ा वर्ग के चेयरमैन डाॅ. अनिल जयहिंद आदि बड़े नेता संबोधित करेंगे।
