UPPSC-APO Exam: एडमिट कार्ड जारी... 22 मार्च को लखनऊ समेत 8 जिलों में होगी यूपीपीएससी की एपीओ परीक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) प्रारंभिक परीक्षा-2025 का एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। यह परीक्षा 22 मार्च को प्रदेश के आठ प्रमुख जिलों में आयोजित की जाएगी। आयोग के परीक्षा नियंत्रक हर्ष देव पाण्डेय ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 

आयोग के अनुसार परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक एक ही सत्र में संपन्न होगी। परीक्षा के लिए प्रयागराज के अलावा अलीगढ़, बरेली, गोरखपुर, कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ और वाराणसी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। अभ्यर्थी अपना प्रवेश-पत्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से ओटीआर नंबर के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। 

परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, पहचान पत्र की मूल प्रति तथा एक छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। आयोग के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से 1 घंटा 30 मिनट पहले प्रवेश दिया जाएगा, जबकि निर्धारित समय से 45 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। 

इसके बाद किसी भी स्थिति में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 सख्ती से लागू रहेगा। नकल करने, कराने, प्रश्नपत्र लीक करने या किसी प्रकार की साजिश रचने को गंभीर अपराध माना जाएगा। दोषी पाए जाने पर एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना और आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है। 

संबंधित समाचार