विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में माहौल गरमाएंगे यूपी के 50 कांग्रेस नेता, TMC-DMK-वामपंथी गठबंधन को टक्कर देने की जोरदार तैयारी
लखनऊ, अमृत विचार: चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा कर दी है तो प्रदेश कांग्रेस में भी हलचल शुरू हो गई है। पांचों राज्यों में चुनाव कराने के लिए यूपी से प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष दिग्गज कांग्रेस नेताओं को भेजा जाएगा, जोकि राज्यों में जाकर चुनावी माहौल को गरमाएंगे।
चुनाव आयोग ने बीते दिन असम, केरल, तमिलनाडु, वेस्ट बंगाल और पांडुचेरी में चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा कर दी। फिलहाल असम में भाजपा की सरकार है, जबकि पाडुंचेरी में भाजपा के समर्थन से एआईएनआरसी की सरकार चल रही है। केरल में वामपंथी गठबंधन, पश्चिम बंगाल में टीएमसी और तमिलनाडु में डीएमके की सरकार है। कांग्रेस चाहती है कि एक बार फिर वह इन राज्यों में सत्ता में लौटे। इसके लिए पूरी ताकत लगाने की तैयारी कर रही है।
इसी क्रम में यूपी से भी दिग्गज नेताओं को पश्चिम बंगाल और असम समेत पांचों राज्यों में उतारने की योजना तैयार कर ली गई है। इसके लिए करीब 50 नेताओं को चुना जाएगा। इसके लिए गहन मंथन शुरू हो गया है। कांग्रेस के प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने बताया कि पार्टी नेताओं को चुनाव के लिए राज्यों में भेजा जाएगा। इसके लिए नेताओं के कद के हिसाब से लिस्ट तैयार की जा रही है।
