गोरखपुर खौफनाक वारदात : मार्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद की चाकू से गोदकर हत्या, इलाके में सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह मार्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की बदमाशों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि बरगदवा गांव में आज सुबह पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान मार्निंग वॉक पर निकले थे कि पहले से घात लगाये कुछ बदमाशों ने उन्हें चाकू से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हे घायलावस्था में बाबा राघवदास मेडिकल कालेज लाया गया जहां डाक्टरों ने मृत्यु घोषित कर दिया। 

पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

जान बचाने के लिए 100 मीटर तक भागे पूर्व पार्षद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और चाकू से सीने में कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राजकुमार चौहान करीब 100 मीटर तक जान बचाने के लिए भागे मगर बदमाशों ने पीछा कर दोबारा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर कुछ देर तक मौके पर ही बैठे रहे और उनकी मौत की पुष्टि होने के बाद फरार हो गए। यह भी जानकारी सामने आई है कि बदमाश अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल ही वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।  

वहीं, मृतक राजकुमार चौहान की पत्नी ने कहा कि जान का बदला जान चाहिए। हमारा सुहाग उजड़ गया, उनका भी उजड़ना चाहिए। मृतक के भाई ने बताया कि भैया सुबह टहलने गए थे। उन्हें गोली मारी गई और चाकू मारे गए। भैया विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे थे।

संबंधित समाचार