पुलिस भर्ती बोर्ड मुख्यालय के बाहर युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, दरोगा परीक्षा में "पंडित" विकल्प को लेकर है आहत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। लखनऊ में पुलिस भर्ती बोर्ड मुख्यालय के बाहर मंगलवार को एक युवक ने आत्मदाह की कोशिश कर हड़कंप मचा दिया। युवक अपने साथ बोतल में केरोसीन लेकर पहुंचा था और मुख्य गेट के सामने आते ही उसने अपने ऊपर केरोसीन छिड़कना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत पकड़ लिया और बड़ा हादसा टल गया। 

युवक की पहचान दीपक शर्मा के रूप में हुई है। उसका आरोप है कि हाल ही में हुई दरोगा भर्ती परीक्षा में एक विवादित सवाल पूछा गया, जिसमें "अवसरवादी" के विकल्प के रूप में "पंडित" शब्द जोड़ा गया था। दीपक का कहना है कि यह प्रश्न जानबूझकर एक वर्ग को अपमानित करने के लिए शामिल किया गया था। दीपक शर्मा ने बताया कि इस मामले में उसने हजरतगंज कोतवाली में लिखित शिकायत भी दी थी। 

शिकायत में उसने भर्ती बोर्ड पर आपत्तिजनक प्रश्न पूछने और भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया था। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि उसे पुलिसकर्मियों द्वारा अभद्र भाषा का सामना करना पड़ा। घटना के बाद पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर शांत कराया और उसे हुसैनगंज थाने ले जाया गया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। 

संबंधित समाचार