SGPGI में केवल आपात कार्यों के लिए ही दिए जाएंगे वाहन, ईंधन संकट से जूझ रहे वाहन प्रकोष्ठ ने जारी की सूचना
लखनऊ, अमृत विचार : संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में ईंधन आपूर्ति बाधित होने के कारण वाहन प्रकोष्ठ के अधीन वाहनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। इस स्थिति को देखते हुए संस्थान प्रशासन ने वाहनों के उपयोग को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि अब वाहन केवल अत्यंत आवश्यक और आपातकालीन कार्यों के लिए ही उपलब्ध कराए जाएंगे। इस संबंध में वाहन प्रकोष्ठ प्रभारी योगेंद्र कुमार की ओर से पत्र जारी किया गया है।
जारी निर्देशों में सभी विभागाध्यक्षों, फैकल्टी और अधिकारियों से अपील की गई है कि वे वाहन की मांग सोच-समझकर और केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही करें। प्रत्येक वाहन मांग के साथ कार्य का स्पष्ट औचित्य, उसकी तात्कालिकता और अन्य आवश्यक विवरण देना अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही, मांग को विभागाध्यक्ष या नामित नोडल अधिकारी के माध्यम से ही अग्रसारित करना होगा।
निर्देशों में यह भी कहा गया है कि नियमित, सामान्य या गैर-आपातकालीन कार्यों के लिए वाहन मांगने से यथासंभव बचा जाए। मौजूदा हालात में सीमित ईंधन उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए वाहनों का आवंटन प्राथमिकता के आधार पर केवल संस्थान के अति आवश्यक कार्यों के लिए ही किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि ईंधन संकट के चलते किसी कार्य में देरी होती है या ड्यूटी पूरी नहीं हो पाती है, तो इसके लिए वाहन प्रकोष्ठ जिम्मेदार नहीं होगा।
