एक्शन में जौनपुर पलिस : 500 अपराधियों की खोली हिस्ट्रीशीट, 100 पर गैंगस्टर की तैयारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान का संकल्प जताते हुये वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि जिले के 500 शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है, जबकि 100 अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाने की तैयारी की जा रही है। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा कि गुंडा एक्ट के तहत चिन्हित करीब 500 अपराधियों को जिला बदर करने की कार्रवाई भी प्रस्तावित है। इसके साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति के 100 लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। 

उन्होंने बताया कि जिन अपराधियों पर 20 या उससे अधिक मुकदमे दर्ज हैं, उन्हें माफिया की श्रेणी में चिह्नित किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उनकी संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है और जांच में अवैध रूप से अर्जित संपत्ति मिलने पर कुर्की व जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने कहा कि लंबित मामलों में तेजी से पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। अपराधियों पर प्रभावी शिकंजा कसने के लिए थानेवार विवरण तैयार किया जा रहा है और गंभीर मामलों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाकर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। 

संबंधित समाचार