रेलवे का मेगा ब्लॉक: कई ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन, कानपुर सेंट्रल सेक्शन में इंजीनियरिंग कार्य के चलते एक महीने से अधिक व्यवस्था प्रभावित
लखनऊ, अमृत विचारः रेलवे प्रशासन की ओर से कानपुर सेंट्रल और कानपुर पुल के बाएं किनारे के बीच स्थित ब्रिज संख्या 110 पर इंजीनियरिंग कार्य के लिए मेगा ट्रैफिक और पावर ब्लॉक दिया जा रहा है। इसके चलते 2 अप्रैल से 14 मई तक कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा, जिनमें शॉर्ट ओरिजिनेशन/टर्मिनेशन, निरस्तीकरण और मार्ग परिवर्तन शामिल हैं।
रेलवे के अनुसार, 55345 लखनऊ जंक्शन-कासगंज सवारी गाड़ी 2 अप्रैल से 14 मई तक लखनऊ जंक्शन के बजाय कानपुर अनवरगंज से चलाई जाएगी। वहीं 55346 कासगंज-लखनऊ जंक्शन सवारी गाड़ी 1 अप्रैल से 13 मई तक कानपुर अनवरगंज में ही यात्रा समाप्त करेगी। इस दौरान ये दोनों ट्रेनें लखनऊ और कानपुर अनवरगंज के बीच निरस्त रहेंगी। इसके अलावा, 11109/11110 वीरांगना लक्ष्मीबाई जंक्शन-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस 2 अप्रैल से 13 मई तक पूरी तरह निरस्त रहेगी।
मार्ग परिवर्तन के तहत 12180 आगरा फोर्ट-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस को 2 अप्रैल से 13 मई तक मथुरा जंक्शन, कासगंज और शाहजहांपुर के रास्ते चलाया जाएगा। इस कारण यह ट्रेन कई प्रमुख स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। हालांकि 12179 लखनऊ जंक्शन-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग से ही संचालित होगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पूर्व जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।
