मुरादाबाद : अनगिनत उपलब्धियां, फिर भी सभी सीटें जीतने का अरमान अधूरा

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

विधानसभा का हाल, छह में सिर्फ दो सीटों पर भाजपा, बाकी चार पर सपा के विधायक

विनोद श्रीवास्तव, मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश में भाजपा सरकार के बुधवार 18 मार्च को नौ साल पूरे हो गए। राजधानी से लेकर जिला मुख्यालय तक डबल इंजन की सरकार के नौ साल बेमिसाल, नव निर्माण के नौ साल उपलब्धियों का गुणगान सरीखे कार्यक्रम हुए। इसके बावजूद भाजपाइयों में एक टीस जरूर है। वह यह कि उनका जिले में विधानसभा की सभी छह सीटें और लोकसभा सीट जीतने का अरमान अब तक अधूरा है।

वर्तमान में जिले के राजनीतिक परिदृश्य पर नजर डालें तो केवल दो सीटें मुरादाबाद नगर और कुंदरकी (उप चुनाव में जीत) में ही कमल खिला। शेष चार विधानसभाओं में सपा के विधायक हैं। मुरादाबाद लोकसभा सीट पर भी सपा का कब्जा है। ऐसे में डबल इंजन की सरकार होने के बाद भी जिले और मंडल में पार्टी को उम्मीद के मुताबिक सफलता न मिल पाने की टीस पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों में कहीं न कहीं है, यह गाहे बगाहे झलक भी जाता है। यह सवाल उस समय भी और भी प्रासंगिक है जब 18 मार्च को प्रदेश सरकार के नौ साल के कार्यकाल पूरे होने पर योजनाओं, परियोजनाओं के माध्यम से 18 उपलब्धियां गिनाई जा रही हैं, केंद्र से लेकर प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं का पारदर्शिता के साथ जिले की जनता को भी लाभ मिल रहा है। सरकार के कार्यकाल को अब एक साल बचा है। विधानसभा चुनाव अगले साल प्रस्तावित है इसलिए अब भाजपा को सभी छह सीटों पर जीत के लिए पूरा जोर लगाने की जरूरत है। उन सभी वजहों और समीकरणों की नये सिरे से समीक्षा कर पूरी ताकत और एकजुटता के साथ 2027 के विधानसभा की चुनावी रणभूमि में उतरने पर ही वह जिले में विरोधियों खासकर सपा के विजय रथ को रोकने में सौ फीसदी कामयाब हो सकेगी। क्योंकि विधानसभा की कई सीटों और लोकसभा की सीट पर हार की वजह केवल डेमोग्राफिकल (जनसांख्यिकीय) नहीं हो सकती है, भाजपा के रणनीतिकारों को इसके असल अन्य कारकों को भी समय रहते ढूंढना होगा, जिससे जिले में सपा की राजनीति को संजीवनी मिलती है।

विधानसभा सीटें और उन पर निर्वाचित विधायक
- मुरादाबाद नगर भाजपा रितेश गुप्ता
- मुरादाबाद ग्रामीण सपा नासिर कुरैशी

- कुंदरकी भाजपा रामवीर सिंह (उपचुनाव में जीते)

- बिलारी सपा मोहम्मद फहीम इरफान
- ठाकुरद्वारा सपा नवाब जान खां

- कांठ सपा कमाल अख्तर
- मुरादाबाद लोकसभा सीट- सपा- कुंवरानी रुचि वीरा

जिले में प्रदेश सरकार द्वारा कराए महत्वपूर्ण विकास कार्य

- विश्वविद्यालय- 169.58 करोड़ रुपये की लागत से गुरु जम्भेश्वर राज्य विवि का निर्माण
- मुरादाबाद एयरपोर्ट: जिले की देश व प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से एयर कनेक्टिविटी के लिए भदासना में एयरपोर्ट का निर्माण, जिसका लोकार्पण प्रधानमंत्री ने 10 मार्च 2024 को किया
- अटल आवासीय विद्यालय:: पीपली बिलारी में पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों, कोरोना काल में निराश्रि बच्चों और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के लिए पात्रों के लिए कक्षा 6 से 12 तक मंडलीय अटल आवासीय विद्यालय का लोकार्पण पिछले साल 6 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया
- संविधान साहित्य पार्क और हनुमान वाटिका- बुद्धि विहार में 16 करोड़ रुपये की लागत से संविधान साहित्य पार्क का निर्माण। यहीं पर 6 करोड़ रुपये की लागत से हनुमान वाटिका का निर्माण। इन दोनों का लोकार्पण 6 अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री ने किया था।
- ड्राई पोर्ट/कार्गो टर्मिनल: शराफ ग्रुप ने प्रदेश में लाजिस्टिक सुविधाओं के लिए राज्य सरकार के साथ 1250 करोड़ रुपये के समझौते पर हस्ताक्षर किए। पहले चरण में लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से दो लाजिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का विकास। इससे लगभग 400 को रोजगार मिलेगा।
- वार मेमोरियल: बुद्धि विहार में 31 करोड़ रुपये से वार मेमोरियल (त्रिशूल रक्षा संग्रहालय) निर्माणाधीनइसके अलावा भी विकास की अनगिनत जनकल्याणकारी योजनाओं और परियोजनाओं को लागू किया गया है।

संबंधित समाचार