लखनऊ : 7.5 लाख भवन स्वामियों को हाउस टैक्स का बिल भेजेगा नगर निगम, मोबाइल नंबर पर कल से पहुंचने लगेंगे मैसेज
लखनऊ, अमृत विचार : नगर निगम राजधानी के 7.5 लाख भवन स्वामियों को हाउस टैक्स का बिल भेजेगा। भवन स्वामियों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर गुरुवार से हाउस टैक्स के मैसेज पहुंचने लगेंगे। 31 मार्च को वित्तीय वर्ष 2025-26 समाप्त होने के बाद से बंद नगर निगम की साइट बुधवार से फिर शुरू हो गई है।
इसके साथ ही चालू वित्तीय वर्ष के हाउस टैक्स के बिल भी जेनरेट होने लगे हैं। सभी भवन स्वामियों को हाउस टैक्स के बिल मोबाइल पर एक हफ्ते में पहुंच जाएंगे। भवन स्वामी जल्द से जल्द अपना गृहकर जमा करके छूट का लाभ उठा सकते हैं।
तीन महीने तक मिलेगी गृहकर पर छूट
नगर निगम भवन स्वामियों को वित्तीय वर्ष के प्रथम तीन महीने तक गृहकर जमा करने पर छूट देगा। अप्रैल में भवन स्वामियों को ऑनलइान गृहकर जमा करने पर 10 प्रतिशत और ऑफलाइन पर 8 प्रतिशत छूट मिलेगी। मई में ऑनलाइन पर 8 प्रतिशत और ऑफलाइन पर 6 प्रतिशत और जून माह में ऑनलाइन पर 6 और ऑफलाइन गृहकर जमा करने पर 4 प्रतिशत छूट मिलेगी।
हाउस टैक्स के साथ यूजर चार्ज जमा करने पर 10 फीसदी छूट
नगर निगम में हाउस टैक्स के साथ यूजर चार्ज एकमुश्त जमा करने पर भी भवन स्वामियों को नगर निगम 10 प्रतिशत की छूट दे रहा है। यह छूट जून तक मिलेगी। पिछले वर्ष नगर निगम ने यह व्यवस्था शुरू की थी।इससे नगर निगम को यूजर चार्ज की वसूली में बढ़ोतरी हुई।
लखनऊ नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय ने बताया कि भवन स्वामियों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर हाउस टैक्स बिल का मैसेज गुरुवार से पहुंचने लगेगा। ऑनलाइन और कैश में भुगतान करने पर नगर निगम जून तक छूट दे रहा है। भवन स्वामी जल्द से जल्द अपना गृहकर जमा करके छूट का लाभ उठा सकते हैं।
