Uttrakhand: मुख्यमंत्री धामी बोले...प्रदेश में नहीं प्रतिभाओं की कमी नहीं
भीमताल, अमृत विचार। भीमताल नगर स्थित बिरला इंस्टिट्यूट ऑफ अप्लाइड साइंस में आयोजित स्पेक्ट्रम 2026 वार्षिक उत्सव का शुभारंभ करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम का उल्लेख करते हुए कहा कि आवश्यकता प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें प्रोत्साहित करने और सही दिशा देने की है। इस दौरान उन्होंने कंप्यूटर एवं इंजीनियरिंग भवन का शुभारंभ भी किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान में ऊर्जा और रचनात्मकता को देखकर यह कहा जा सकता है कि देश का भविष्य प्रतिभाशाली और संकल्पशील युवाओं के हाथों में सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं की क्षमता को पहचानते हुए डिजिटल और युवा योजनाएं लागू की हैं, जो देश को नवाचार की ओर ले जा रही हैं। प्रधानमंत्री की सोच है कि युवा रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने नई शिक्षा नीति लागू की है, जिससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित कई नए कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावासों का निर्माण भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने ब्रिटेन के साथ छात्रवृत्ति के लिए समझौता किया है। साथ ही इन्फोसिस के माध्यम से कंप्यूटर कोर्स भी संचालित किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार 9 नए महाविद्यालय खोलने की दिशा में भी कार्य कर रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संस्थान में ड्रोन लैबोरेटरी और कंप्यूटर विभाग के उन्नयन के लिए 50 लाख रुपये तथा ऑडिटोरियम के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने रोडवेज बस स्टेशन और भीमताल बाईपास में नहर कवरिंग की मांग भी रखी। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और निदेशक ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, संस्थान के निदेशक बी.के. सिंह, अध्यक्ष बी.एस. बिष्ट, कुलसचिव हेम पांडे, श्याम अग्रवाल, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, राज्य मंत्री भावना मेहरा, ध्रुव रौतेला, जिला मंत्री मनोज भट्ट, पूर्व जिला मंत्री दिनेश सांगुड़ी, नितेश बिष्ट, प्रेम सिंह कुलियाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने संस्थान के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान तन्वी जोशी, आकांक्षा जोशी और हिमानी पनेरु को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
भीमताल विधानसभा के लिए कीं कई घोषणाएं
भीमताल में उप-तहसील का निर्माण
ओखलकांडा के भीड़ापानी में आयुर्वेदिक अस्पताल की स्थापना
ओखलकांडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे मशीन
भीमताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड मशीन
धारी के लेटीबुंगा और रामगढ़ के सतबुंगा में कोल्ड स्टोरेज
काश्तकारों के लिए मंडी निर्माण
