केशव मौर्य ने अखिलेश को बताया "नौटंकी करने वाला नेता", कहा- अतीक और मुख्तार को संरक्षण किसने दिया सब जानते हैं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव को "नौटंकी करने वाला नेता" बताते हुये कहा कि प्रदेश की जनता जानती है कि अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे अपराधियों को संरक्षण किसने दिया था।

उपमुख्यमंत्री शनिवार को आजमगढ़ जिले के बड़सरा खालसा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक के आवास पर उनके दिवंगत पिता राधेश्याम पाठक को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की।

केशव मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव कभी भी उत्तर प्रदेश सरकार के विकास कार्यों और व्यवस्थाओं से संतुष्ट नहीं होंगे, क्योंकि वह केवल राजनीतिक नौटंकी करना जानते हैं। माफिया राज के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे अपराधियों को संरक्षण देने वालों को जनता भली-भांति पहचानती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि देश की जनता ने प्रधानमंत्री की नीतियों को स्वीकार किया है। 

उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं, जिससे भाजपा को व्यापक समर्थन मिल रहा है। अन्य राज्यों के राजनीतिक परिदृश्य पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की नीतियों का प्रभाव पूरे देश में दिखाई दे रहा है और आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में भी भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलेगा।  

संबंधित समाचार