IPL 2026 : पंजाब किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से रौंदा, श्रेयस अय्यर ने खेली अर्धशतकीय पारी
मुल्लांपुर। कप्तान श्रेयस अय्यर ( नाबाद 69 ), प्रियांश आर्य (57) और प्रभसिमरन सिंह (51) की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत पंजाब किंग्स ने सात गेंदें शेष रहते सनराइजर्स हैदराबाद को आईपीएल मुकाबले में शनिवार को छह विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी ने पंजाब किंग्स के लिए तूफानी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े।
सातवें ओवर में शिवांग कुमार ने प्रियांश आर्य को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। प्रियांश आर्य ने 20 गेंदों में पांच चौके और पांच छक्के लगाते हुए 57 रनों की पारी खेली। नौवें ओवर में शिवांग कुमार ने प्रभसिमरन सिंह को आउटकर सनराइजर्स हैदराबाद को दूसरी सफलता दिलाई। प्रभसिमरन सिंह ने 25 गेंदों में चार चौके और चार छक्के लगाते हुए 51 रन बनाये।
कूपर कॉनली 11 रन बनाकर शिवांग कुमार का तीसरा शिकार बने। 17वें ओवर में हर्ष दुबे ने नेहाल वढेरा को बोल्ड कर जीत की ओर बढ़ रही पंजाब किंग्स को चौथा झटका दिया। श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेलते हुए नाबाद 69 रन बनाकर पंजाब को जीत दिलाई। पंजाब किंग्स ने 18.5 ओवरों में चार विकेट पर 223 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया।
श्रेयस अय्यर ने 33 गेंदों में पांच चौके और पांच छक्के लगाते हुए नाबाद 69 रनों की पारी खेली। शशांक सिंह 16 रन बनाकर नाबाद रहे। आज यहां इससे पहले अभिषेक शर्मा (78), हेनरिक क्लासेन (39) और ट्रेविस (38) रनों की पारियों के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को जीत के लिए 220 रनों का लक्ष्य दिया। पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 120 रन जोड़कर अपनी टीम अच्छी शुरुआत दिलाई। नौवें ओवर में शशांक सिंह ने पहले ट्रेविस हेड और उसके बाद इसी ओवर की तीसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा को आउट कर पंजाब किंग्स को दोहरी सफलता दिलाई। ट्रेविस हेड ने 23 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए 38 रन बनाये।
अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों में पांच चौके और आठ छक्कों की बारिश करते हुए 74 रनों की तूफानी पारी खेली। कप्तान इशान किशन ने 17 गेंदों में 27 रन बनाये। उन्हें 14वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने आउट किया। अनिकेत शर्मा नौ गेंद में (18) और सलील अरोड़ा (नौ) रन बनाकर आउट हुये। क्लासेन ने 33 गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाते हुए (39) रनों की पारी खेली।
सनराइजर्स हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 219 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया लेकिन फिर इसका बचाव नहीं कर पाए। पंजाब किंग्स के लिए शशांक सिंह और अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट लिये। जेवियर बार्टलेट ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
