नकारात्मक नैरेटिव का मुंहतोड़ जवाब दें युवा कार्यकर्ता... गोरखपुर युवा संवाद कार्यक्रम में बोले सीएम योगी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि लगातार सत्ता से दूर रहने से हताश और निराश हो चुके विपक्ष की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चलाए जाने वाले नकारात्मक नैरेटिव का शब्दों की मर्यादा में रहकर मुंहतोड़ जवाब देने के लिए वे खुद को मुस्तैद रखें। 

भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई के गोरखपुर के मालवीय नगर मंडल की तरफ से आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुये योगी ने रविवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विपक्ष की तरफ से मनगढ़ंत आरोपों का एक नया वार शुरू होगा उस पर प्रतिवार और उसका प्रतिवाद करने के लिए भाजपा की बूथ स्तर की टीम खुद को मजबूत रखे। 

योगी ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हमारे युवाओं को विकास भी करना है और विरासत का भी सम्मान करना है। देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए मुस्तैद जवानों को दुश्मन के मंसूबों का काम भी तमाम करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बूथ लेवल कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वे डबल इंजन सरकार के अच्छे कार्यों का प्रचार.प्रसार करते हुए अपने बूथ पर सजग और सतर्क रहें। 

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों ने यूपी के नौजवानों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था वे हर दृष्टि से फेल होकर आज सोशल मीडिया का सहारा लेंगे। झूठे, मनगढ़ंत आरोप लगाकर तमाम प्रकार के निगेटिव नैरेटिव सेट करने का वे प्रयास करेंगे। इसका जवाब देने के लिए बूथ स्तर के कार्यकताओं को तैयार रहना होगा। 

निगेटिव नैरेटिव सेट करने की मंशा वाले लोगों के शासन में माफिया की गुंडागर्दी, फिरौती वसूली, बहन.बेटियों और व्यापारियों की असुरक्षा, पर्व.त्योहारों पर दंगे के चलते मातम जैसे माहौल के सभी दृश्य निकालने पड़ेंगे। पेपर की कटिंग्स निकालनी पड़ेगी। उस समय के दृष्टांत निकालने पड़ेंगे और शब्दों की मर्यादा में पूरी आक्रामकता के साथ जवाब देने के लिए अपने आप को तैयार करना होगा। 

संबंधित समाचार