CM योगी ने 'योगी की पाती' में डॉ. आंबेडकर को किया याद, कहा- “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो”

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती से एक दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम 'योगी की पाती' जारी कर उन्हें नमन किया। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब के विचारों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए समता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने भारतीय संविधान के माध्यम से देश के करोड़ों लोगों को सम्मानजनक जीवन का अधिकार दिलाया। उनका जीवन संघर्ष, शिक्षा और संगठन की शक्ति का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि "शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो" का उनका मंत्र आज भी उतना ही प्रासंगिक है। योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार बाबा साहेब के आदर्शों के अनुरूप समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। राशन, आवास, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं और 'घरौनी' जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीबों, वंचितों, महिलाओं और युवाओं को सशक्त किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि दलित और कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों के लिए छात्रावासों के निर्माण और नवीनीकरण की योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे उन्हें बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिल सकें। सरकार के प्रयासों से प्रदेश में बड़ी संख्या में लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और 'जीरो पॉवर्टी' की दिशा में कार्य जारी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने घरों में अच्छी पुस्तकों का संग्रह रखें, स्वयं अध्ययन करें और बच्चों को भी पढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचारों को अपनाकर ही समरस, सशक्त और समृद्ध उत्तर प्रदेश का निर्माण संभव है। 

 

संबंधित समाचार