वाराणसी : विवाद के होटल में युवती को साथी ने मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में कैंट थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में युवती को गोली मारने का मामला प्रकाश में आया है। दिलचस्प बात यह है कि शनिवार को हुई इस घटना के बाद तीन थानों की पुलिस रविवार को भी उलझी रही। मामला खुलने पर रविवार रात को युवती की माँ की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और युवती की स्थिति खतरे से बाहर है।
आरोप है कि गाजीपुर की हर्षिता राय अपने साथी शुभम राय के साथ होटल गई थीं। होटल के कमरे में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और इसी दौरान शुभम राय ने गोली चला दी। इसके बाद आरोपी युवती को चुपके से लिफ्ट से नीचे ले आया और ऑटो से मलदहिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।
अस्पताल प्रशासन की ओर से सिगरा थाने को इसकी सूचना दी गई। जांच के बाद पता चला कि युवती मंडुआडीह क्षेत्र में रहती हैं। इसके बाद इसकी जानकारी मंडुआडीह पुलिस को दी गई। मंडुआडीह पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पता चला कि घटना कैंट थाना क्षेत्र में हुई है। इसके बाद कैंट पुलिस को सूचना दी गई।
युवती की माँ की तहरीर मिलने पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। सहायक पुलिस आयुक्त कैंट अपूर्व पांडेय ने बताया कि घटना संज्ञान में आते ही तुरंत जांच शुरू कर दी गई। पता चला कि कैंट स्थित एक होटल में एक युवक और युवती रूम लेकर रह रहे थे। कुछ विवाद के बाद गोली चलने की घटना सामने आई। युवती को घायल अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल युवती की स्थिति अब ठीक है। प्राथमिकी दर्ज कर घटना के पीछे की वजह पता की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
