International Film Festival: शहर में जुटेंगी फिल्मी हस्तियां, दिए जाएंगे अवार्ड

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार। शहर के सहारागंज स्थित पीवीआर सिनेमा में 15 और 16 अप्रैल को लखनऊ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इसमें सिनेमा जगत की चुनिंदा 12 हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। 210 फिल्मों को बेस्ट स्टोरी, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट एडिटिंग के अवॉर्ड भी दिए जाएंगे। ये जानकारी सोमवार को फेस्टिवल के संस्थापक और फिल्म निर्माता, लेखक और निर्देशक अयूब खान ने पत्रकारों को दी।

अयूब ने बताया कि अभी तक मुम्बई में सिने ड्रीम्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल आयोजित करते रहे हैं। इस बार आयोजन लखनऊ में करने का निर्णय लिया। महोत्सव का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की प्रतिभाओं और सिनेमाई विरासत को एक वैश्विक मंच प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि समारोह में पहले दिन 15 अप्रैल को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक ज्यूरी द्वारा चयनित देश-विदेश की फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। 16 को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक फिल्म स्क्रीनिंग जारी रहेगी। शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक अवार्ड शो आयोजन होगा। इसमें आसिफ, नौशाद, डॉ. राही मासूम रजा, मजरूह सुल्तानपुरी, दिलीप कुमार, राजू श्रीवास्तव और अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति अवार्ड से राहुल रवैल, विशाल भारद्वाज, पूनम ढिल्लों, रवि किशन, राजपाल यादव, जूही चतुर्वेदी और मनोज मुंतशिर को पुरस्कृत किया जाएगा। अवार्ड के लिए नामों का चयन जरीना वहाब, पहलाज निहलानी, अनूप जलोटा और सतलुज धीर ने किया है। फिल्म फेस्टिवल के लिए फिल्मों का चयन मेहुल कुमार, एन चंद्रा, सोहम शाह, मनोज जोशी, राकेश बेदी और कमलेश पांडे जैसे अनुभवी ज्यूरी सदस्यों ने किया है।

संबंधित समाचार