CM Dashboard Ranking: हमीरपुर बना उत्तर प्रदेश का सबसे बेहतर जिला... पाया पहला स्थान, जानें अन्य जिलों का हाल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः उत्तर प्रदेश में सीएम डैशबोर्ड की मार्च माह की जारी रिपोर्ट में हमीरपुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है जबकि बरेली दूसरे और रामपुर तीसरे स्थान पर रहे। यह रैंकिंग जिलों के विकास कार्यों, राजस्व प्रबंधन और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर तैयार की गई है। सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों में 49 विभागों के 110 कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा की जाती है।

इसमें जनसुनवाई, राजस्व कार्य, विकास योजनाएं और कानून-व्यवस्था जैसे अहम पहलुओं को शामिल किया जाता है। इसके आधार पर हर माह जिलों की रैंकिंग जारी की जाती है, जिससे प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता भी सुनिश्चित होती है। रिपोर्ट के अनुसार, मैनपुरी ने चौथा और हरदोई ने पांचवां स्थान प्राप्त किया है। वहीं टॉप-10 जिलों में शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, जालौन, सोनभद्र और कौशांबी ने भी जगह बनाई है।

रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के अनुसार, जिले में विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जा रहा है, जिसका परिणाम लगातार बेहतर रैंकिंग के रूप में सामने आ रहा है।

सीएम डैशबोर्ड की सतत निगरानी से प्रदेश में प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ी है और विकास कार्यों में तेजी आई है, जिससे "उत्तम प्रदेश" के लक्ष्य की ओर उत्तर प्रदेश मजबूती से अग्रसर है।

संबंधित समाचार