लखनऊ में भीषण आग: कई KM दूर तक दिखाई दिया धुएं का गुबार

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ : विकास नगर थाना क्षेत्र में स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में बुधवार को भीषण आग लग गई। जिसकी लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही हैं। स्थानीय लोगों की मानें तो झुग्गी-झोपड़ियों में रखे गैस सिलेंडर एक के बाद एक फटने लगे हैं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल की की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं और आग को बुझाने का काम शुरू कर दिया है।

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरी घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा घटना की जानकारी होते ही उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौंके पर पहुंचे हैं। उप मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिये हैं।

आग की लपटें

दरअसल, विकास नगर सेक्टर 14 में स्थित झोपड़ियों में आग दोपहर बाद ही लग गई थी, धीरे-धीरे इस आग ने भयावह रूप ले लिया। इस आग की जद में 50 से अधिक झोपड़ियां आई हैं। उसमें रखे गैस सिलेंडर और फ्रिज में आग पकड़ते ही आग ने और विकराल रूप ले लिया, एक के बाद एक धमाके होने लगे। 

वहीं इस घटना की सूचना पाकर मौंके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन आग की तीव्रता बढ़ती ही  जा रही है, लेकिन दमकल कर्मी लगातार इस चुनौती से जूझ रहे हैं।

आग अब काफी हद तक नियंत्रण में

अधिकारियों की मानें तो बुधवार को लगी आग में दो दर्जन से अधिक झोपड़ियां नष्ट हो गईं । उन्होंने कहा कि जिस इलाके में आग लगी, उसके पास होटल और विभिन्न ऑटोमोबाइल शोरूम भी हैं। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ''आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कम से कम 10 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। घरों के अंदर रखे छोटे रसोई गैस सिलेंडरों में बार-बार विस्फोट होने से अभियान मुश्किल हो गया था।'' अधिकारियों के अनुसार आग में दर्जनों गरीब परिवारों का सामान जलकर राख हो गया। 

शुरुआती आकलन में किसी की जान जाने या गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी राहत प्रयासों में समन्वय के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारी ने कहा, ''प्राथमिक ध्यान आग को पास के वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और आवासीय कॉलोनियों में फैलने से रोकना था। आग अब काफी हद तक नियंत्रण में है।''  आग लगने का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है, इस घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। 

रक्षामंत्री ने डीएम से बात कर ली जानकारी

विकासनगर की झुग्गी-झोपड़ी में लगी भीषण आग की घटना पर रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने गहरी चिंता व्यक्त की है। घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल जिलाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के अनुसार, रक्षा मंत्री ने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आग से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने रक्षा मंत्री को घटना की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटा हुआ है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

संबंधित समाचार