प्रदेश में हरी खाद को बढ़ावा देगी सरकार, खरीफ-2026 में फ्री में मिलेगा मिनीकिट और ढैंचा बीज
कृषि मंत्री ने खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा की
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश सरकार रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने और मृदा स्वास्थ्य सुधारने के लिए अब हरी खाद को बढ़ावा देने जा रही है। इसी कड़ी में खरीफ-2026 सीजन के लिए 45 हजार क्विंटल ढैंचा बीज और 4 लाख निःशुल्क मिनीकिट किसानों को वितरित किए जाएंगे।
विधान भवन में शुक्रवार को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने हरी खाद के उपयोग को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। कहा कि इससे न सिर्फ मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी, बल्कि फसलों की उत्पादकता में भी सुधार होगा।
सरकार द्वारा वितरित किए जाने वाले मिनीकिट में ढैंचा, मक्का, उड़द, ग्वार, भिंडी, लोबिया और ज्वार के बीज शामिल होंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बीज वितरण के लिए पोर्टल को जल्द शुरू किया जाए।
खरीफ-2026 के लिए इस बार बीज वितरण का लक्ष्य भी बढ़ाया गया है। सभी फसलों के लिए कुल 2.33 लाख से अधिक वितरण लक्ष्य तय किया गया है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले काफी अधिक है। इसमें धान, दलहन, तिलहन और बाजरा के साथ-साथ ‘श्री अन्न’ के तहत रागी, कोदो और सावा को भी शामिल किया गया है।
