हम महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करेंगे, कोई भी शक्ति हमें रोक नहीं सकती, चुनावी रैली में गरजे राजनाथ सिंह
वासुदेवनल्लूर (तमिलनाडु) : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में महिला आरक्षण अधिनियम से संबंधित संशोधन विधेयक के पारित न हो पाने को लेकर कांग्रेस और द्रमुक की आलोचना करते हुए रविवार को कहा कि सरकार इसे लागू करने के लिए दृढ़ संकल्पित है और ''दुनिया की कोई भी शक्ति हमें ऐसा करने से नहीं रोक सकती।'' तेनकासी जिले में 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए वासुदेवनल्लूर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अनंतन अय्यासामी के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर सत्तारूढ़ द्रमुक पर जमकर हमला बोला और लोगों से चुनाव में उसे ''अलविदा'' कहने का आग्रह किया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा ''संसद, विधानसभाओं और विधान परिषदों में हमारी माताओं और बहनों के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने के संबंध में संसद में एक विधेयक लाया गया। द्रमुक, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और वामपंथी दलों ने इसे पारित नहीं होने दिया। फिर भी, मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प के आधार पर आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम निश्चित रूप से महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण देंगे और दुनिया की कोई भी ताकत हमें रोक नहीं सकती।'' भाजपा नीत केंद्र सरकार को बड़ा झटका लगा, क्योंकि संसद-विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 2029 से 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 816 करने के उद्देश्य से लाया गया संविधान संशोधन विधेयक शुक्रवार को खारिज हो गया। भ्रष्टाचार को लेकर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रुमक) पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि तमिलनाडु के कुछ मंत्री प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों की नजर में हैं और "टीएएसएमएसी (तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड) घोटाला" इस बात का उदाहरण है कि राज्य में भ्रष्टाचार कितना ''गहराई से फैला हुआ'' है। उन्होंने राज्य में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का समर्थन करते हुए कहा, ''द्रमुक सरकार गरीबों के जीवन से खिलवाड़ कर रही है।
द्रमुक सरकार में भ्रष्टाचार के आरोप आम बात हो गए हैं। अब समय आ गया है कि इस भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई जाए और सत्ताधारी दल को विदाई दी जाए।'' तमिलनाडु के लोग अपनी आस्था के लिए जाने जाते हैं और जो कोई भी सनातन धर्म का मज़ाक उड़ाने की कोशिश करेगा, वह ''जनता की नजरों में गिर जाएगा।'' तिरुप्परनकुंदरम में दीप जलाने संबंधी विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अदालत के आदेश के बावजूद, द्रमुक सरकार ने श्रद्धालुओं को वहां के स्तंभ (दीपाथून) पर दीप प्रज्ज्वलित करने की अनुमति नहीं दी। सिंह ने कहा कि यदि राजग सत्ता में आता है, तो दीप प्रज्ज्वलन की परंपरा को जारी रखने की अनुमति दी जाएगी और यह राजग की गारंटी है। सिंह ने दावा किया कि तमिलनाडु पर 11 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह पैसा जन कल्याण के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है और यह ''द्रमुक नेताओं की जेब में जा रहा है।'' उन्होंने द्रमुक के तमिलनाडु के खिलाफ केंद्र सरकार के "भेदभाव" के आरोपों को भी खारिज करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अब तक 11 लाख करोड़ रुपये दिए हैं। सत्तारूढ़ दल पर हमला तेज करते हुए उन्होंने कहा कि तमिल में द्रमुक का अर्थ है "दुष्प्रयोगम (सत्ता का दुरुपयोग), मुराइकेडु (अनियमितताएं), कुत्रम (अपराध)। वहीं दूसरी ओर, राजग का अर्थ है "नालन, न्यायम (कल्याण, न्याय), विकास और अमाईथी (शांति)।" तिरुनेलवेली जिले के राधापुरम में एक रोड शो में, द्रमुक के खिलाफ अपना हमला जारी रखते हुए, सिंह ने "5,000 करोड़ रुपये के लैंडमाइनिंग घोटाले" और द्रमुक विधायक से जुड़े किडनी रैकेट के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का तमिलनाडु से ''भावनात्मक लगाव'' है और वह राज्य के विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
