हापुड़ : शादी से लौट रही बस और ट्रक में जोरदार टक्कर, 6 बरातियों की मौत से पसरा मातम
हापुड़, अमृत विचार : यूपी के हापुड़ में बड़ा सड़क हादसा हो गया। बरात की बस और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बरातियों की मौत हो गई, जबकि 13 घायल हैं। चीख-पुकार के बीच पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। मृतक गाजियाबाद के डासना के रहने वाले थे।
गाजियाबाद के डासना निवासी इकराम कुरैशी के बेटे की शादी बुलंदशहर के गुलावटी में थी। रात करीब डेढ़ बजे बरात डासना लौट रही थी। इसी बीच हापुड़ के धौलाना क्षेत्र में एक्सीडेंट हो गया।
बस और ट्रक में आमने-सामने की भिड़ंत से शादी का जश्न, चीत्कार में बदल गया। हादसा इतना भयंकर था कि बस और ट्रक दोनों खाईं में जाकर पलट गए।
दुर्घटना की सूचना लगते ही डीएम अभिषेक पांडेय और एसपी ज्ञानंजय सिंह पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। हाइड्रा मशीन के जरिये वाहनों को हटाकर, उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
एक्सीडेंट में सोनू, यूसुफ, अख्तर, यूनुस, मुन्ना और बस चालक अशोक की मौत की खबर सामने आई है। इसके अलावा 13 बराती घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें चार को फौरी उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
उधर, दुर्घटना की खबर घर पहुंचते ही मातम छा गया। जिस घर में बहू के आने का इंतजार हो रहा था-वहां छह बरातियों की मौत की खबर ने माहौल को गमगीन कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। घरवाले बेहाल हैं।
