तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, 13 की मौत, छह घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली : तमिलनाडु के दक्षिणी जिले विरुधुनगर के कट्टानरपट्टी गांव में रविवार शाम एक लाइसेंस प्राप्त पटाखा निर्माण इकाई में हुए भीषण विस्फोट में 13 श्रमिकों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं। 

बताया जा रहा है कि पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायनों को मिलाने के समय हुयी गड़बड़ी के कारण यह धमाका हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि कारखाने के वे चार कमरे पूरी तरह जमींदोज हो गए। घटना के समय वहां लगभग 30 श्रमिक काम कर रहे थे और अधिकांश शव इतनी बुरी तरह जल गए हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। यह विस्फोट मुथुमानिकम के स्वामित्व वाली 'वनजा पटाखा निर्माण इकाई' में हुआ। 

इस इकाई के पास पटाखा निर्माण का वैध लाइसेंस भी था। लेकिन रविवार को आधिकारिक अवकाश होने के बावजूद फैक्ट्री में काम चल रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही शिवकाशी, विरुधुनगर और सत्तूर से दमकल विभाग और बचाव कर्मियों की कई टीमें मौके पर पहुँचीं, जो काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने और राहत कार्यों में सफल रहीं। विरुधुनगर के जिला पुलिस अधीक्षक एस.पी. श्रीनाथ और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल पर मौजूद रहकर बचाव कार्यों की सीधी निगरानी की। 

मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने इस घटना पर गहरा दुख और शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने राहत कार्यों को अंजाम देने के निर्देश दिए और मंत्री थंगम थेनारासु और के.के.एस.एस.आर. रामचंद्रन को तुरंत घटनास्थल पर पहुँचकर बचाव और राहत कार्यों में तेजी लाने का आदेश दिया।

संबंधित समाचार