हरदोई में रफ्तार का कहर : अनाथ हुई 3 माह की मासूम बच्ची, वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

हरदोई: उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद उनकी तीन माह की मासूम बच्ची अपने माता-पिता के शवों के पास रोती मिली, जिसे देखकर ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। 

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सेढामऊ अंडरपास के निकट सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक क्षतिग्रस्त बाइक, दंपति के शव तथा पास में रो रही बच्ची को देखा। सूचना मिलने पर पचदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान सियाराम (22) पुत्र सुभाष तथा उनकी पत्नी नीलम (20) निवासी ग्राम गहवरा, थाना पाली के रूप में हुई है। 

प्रारंभिक जांच में आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि दंपती किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। हादसे के बाद मासूम बच्ची सुरक्षित मिली, जिसे परिजनों को सौंप दिया गया है। 

संबंधित समाचार