प्रयागराज रेलवे स्टेशन परिसर से हटेगी मस्जिद : मुतवल्ली को भेजा नोटिस, High Court जाने की तैयारी कर रहा प्रबंधन
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज रेलवे स्टेशन के गेट नंबर एक के समीप स्थित एक मस्जिद को उत्तर मध्य रेलवे द्वारा नोटिस जारी किए जाने का मामला सामने आया है। नोटिस में मस्जिद को रेलवे भूमि पर निर्मित बताते हुए 24 अप्रैल तक परिसर खाली करने को कहा गया है, ताकि स्टेशन के प्रस्तावित मेजर मॉडिफिकेशन कार्य को आगे बढ़ाया जा सके। सूत्रों के अनुसार रेलवे प्रशासन ने यह नोटिस मस्जिद के मुतवल्ली को भेजा है।
इसमें कहा गया है कि प्रयागराज रेलवे स्टेशन के विस्तार और आधुनिकीकरण योजना के अंतर्गत संबंधित भूमि की आवश्यकता है, इसलिए निर्धारित तिथि तक मस्जिद खाली कराई जाए, जिससे आगे की कार्रवाई की जा सके।
मस्जिद से जुड़े लोगों का कहना है कि यह मस्जिद आजादी से पहले निर्मित हुई थी और वक्फ संपत्ति के रूप में दर्ज है। उनका दावा है कि यह ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है, जिसे बिना वैधानिक प्रक्रिया के हटाया नहीं जा सकता। मस्जिद प्रबंधन से जुड़े लोग नोटिस के विरुद्ध इलाहाबाद उच्च न्यायालय जाने की तैयारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि मामले में कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
उधर रेलवे प्रशासन स्टेशन के मेजर मॉडिफिकेशन कार्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने की तैयारी में है और नोटिस अवधि समाप्त होने का इंतजार कर रहा है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। प्रशासनिक स्तर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। रेलवे अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा है।
ये भी पढ़ें :
श्रावस्ती में राप्ती बनी काल : दो मासूम बच्चियों की ले ली जान, प्रशासन के प्रति ग्रामीणों में नाराजगी
