अयोध्या : अवध विश्वविद्यालय की परीक्षाएं पांच मई से, परीक्षा कार्यक्रम जारी
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने वर्तमान शिक्षा सत्र का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत आवासीय परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं पांच मई से प्रारंभ होकर पांच जून तक संचालित होंगी।
कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह के निर्देश पर सभी आवासीय परिसरों एवं संबद्ध महाविद्यालयों को नकल-विहीन एवं शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। परीक्षाएं प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित होंगी।
प्रथम पाली प्रातः 8ः30 से 10ः30 बजे तक, द्वितीय पाली 11ः30 से 1ः30 बजे तक तथा तृतीय पाली 2ः30 से 4ः30 बजे तक चलेगी। अवध विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक विनय कुमार सिंह ने बताया कि स्नातक चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं वर्णनात्मक (डिस्क्रिप्टिव) होंगी, जबकि अन्य स्नातक एवं परास्नातक की सेमेस्टर परीक्षाएं बहुविकल्पीय प्रश्न पैटर्न पर आयोजित की जाएंगी।
यह परीक्षा कार्यक्रम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.rmlau.ac.in तथा संबंधित महाविद्यालयों के लॉगिन पर उपलब्ध है। परीक्षा नियंत्रक ने सभी निदेशकों, समन्वयकों, विभागाध्यक्षों तथा महाविद्यालयों के प्राचार्यों से अपेक्षा की है कि वे अपने-अपने संस्थानों के छात्र-छात्राओं को परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी देते हुए निर्धारित समय-सारणी के अनुसार परीक्षाएं सुचारू रूप से संपन्न कराएं।
