नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा का हल्ला बोल, कानपुर दक्षिण की महिलाएं निकालेंगी पदयात्रा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भारतीय जनता पार्टी कानपुर दक्षिण जिला इकाई की महिलाएं पदयात्रा निकालकर जनजागरण करेंगी। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि यह पदयात्रा महिला सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण के समर्थन का संदेश देगी। मीडिया प्रभारी संजीव बेरी ने मंगलवार को बताया कि इस संबंध में जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने की। 

बैठक में पदयात्रा की रूपरेखा, मार्ग, तिथि और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और समान अधिकार देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के हितों से जुड़े ऐसे प्रयासों का विरोध दुर्भाग्यपूर्ण है। 

उन्होंने कहा कि भाजपा की महिलाएं घर-घर जाकर जनजागरण करेंगी और पदयात्रा के माध्यम से समाज को संदेश देंगी कि नारी सम्मान से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। श्री सिंह ने कहा कि यह पदयात्रा केवल विरोध का कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिला शक्ति के जागरण और उनके अधिकारों के समर्थन का प्रतीक होगी।

जिले की महिलाएं संगठित होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगी। बैठक में जिला महामंत्री गणेश शुक्ला, अर्जुन बेरिया, जितेंद्र सचान, अनीता त्रिपाठी, मधु तिवारी, विक्की मूरजानी, तेज बहादुर, पप्पू पंडित, हर जीवन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। 

संबंधित समाचार