Lucknow News: कार में बार बनाकर शराब पीने वालों पर कार्रवाई, 411 लोगों का चालान
लखनऊ, अमृत विचार : सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर कार में बार बनाकर शराब पीने व हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार शाम पांचों जोन में अभियान चलाकर सख्ती की। अभियान के दौरान 106 स्थानों पर ब्रेथ एनालाइजर से 2339 लोगों की जांच की गई, जिसमें 411 लोग नशे में मिले। पुलिस ने सभी के खिलाफ दफा 34 के तहत चालान किया।
5.png)
जेसीपी कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर पूर्वी, पश्चिम, मध्य, उत्तरी और दक्षिणी जोन में रात आठ से दस बजे तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान एसीपी से लेकर सिपाही तक सड़कों पर उतरे और हजरतगंज, प्राग नारायण रोड, नेशनल कॉलेज रोड, इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा, पुरनियां, गोपालपुरवा, पेपर मिल रोड, रिंग रोड, मोतीनगर, राजेंद्र नगर, कल्ली पश्चिम, तिवारीगंज, गीतापुरी मार्केट और हुसड़िया जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग की गई।
5.png)
गश्त के दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते लोग मिले। कुल 411 लोगों को नशे की हालत में पकड़ा गया, जिनका चालान कर सख्त चेतावनी दी गई। कार्रवाई में पश्चिम जोन में सबसे अधिक 115, उत्तरी में 114, पूर्वी में 86, दक्षिणी में 51 और मध्य जोन में 45 लोगों पर कार्रवाई की गई।
जेसीपी ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही शराब दुकानदारों को निर्देश दिए गए हैं कि दुकानों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगने दें।
