UP Pro Handball League: मथुरा ब्रज स्टार ने लीग की ट्रॉफी पर किया कब्जा, फाइनल में गोरखपुर राउडीज़ को 44-38 से हराया

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : मथुरा ब्रज स्टार ने मंगलवार को रोमांचक मुकाबले में टाटा कैपिटल यूपी प्रो हैंडबॉल लीग के पहले सीजन की विजेता ट्रॉफी अपने नाम करने में सफलता हासिल की। केडी सिंह बाबू स्टेडियम के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेले गए हाईवोल्टेज फाइनल में मथुरा ब्रज स्टार ने गोरखपुर राउडीज़ को 44-38 के अंतर से पराजित किया।

उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन की देखरेख में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा टाटा कैपिटल के सहयोग से आयोजित इस लीग के फाइनल में दोनों टीमों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार आक्रमण किए। पहले हॉफ में दोनों टीमें 21-21 से बराबरी पर रहीं।

दूसरे हॉफ में मथुरा ब्रज स्टार ने रणनीति बदलते हुए शानदार खेल दिखाया और मैच का रुख अपने पक्ष में कर लिया। मथुरा की जीत के नायक अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी रोहिताश रहे, जिन्होंने सर्वाधिक 14 गोल किए और मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर चुने गए। वहीं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी रवि ने 11 गोल कर उनका अच्छा साथ दिया। इसके अलावा निहाल ने 8, याहिया ने 6, शिवा ने 3 और सूर्या ने 2 गोल किए।

दूसरी ओर गोरखपुर राउडीज़ के लिए मोहम्मद शूजा और कृष्ण ने 10-10 गोल किए। दीपक ने 5, सुनील और पवन ने 4-4 तथा हैप्पी ने 3 गोल किए, लेकिन निर्णायक मौकों पर चूक टीम पर भारी पड़ी।

MUSKAN DIXIT (35)

समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि मोहसिन रजा (पूर्व मंत्री, उप्र सरकार व पूर्व रणजी क्रिकेटर) ने विजेता मथुरा ब्रज स्टार को ट्रॉफी और दो लाख रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया। वहीं उपविजेता गोरखपुर राउडीज़ को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया।

लीग में मथुरा ब्रज स्टार के रोहिताश ने कुल 49 गोल दागे और उन्हें प्लेयर ऑफ द लीग चुना गया। उन्हें पुरस्कार स्वरूप टीवीएस एक्सट्रीम मोटरसाइकिल की चाबी सौंपी गई।

समारोह में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने की, जबकि लीग के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय ने सभी का आभार जताया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारी व खेल प्रेमी भी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार