सुलतानपुर : नवागत डीएम इंद्रजीत सिंह ने ग्रहण किया पदभार, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का ऐलान
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के नव नियुक्त जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने प्रशासनिक प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और जनसुनवाई उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
संवाददाताओं से बातचीत में डीएम सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं और प्राथमिकताओं को जिले में पूरी गंभीरता के साथ लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व जिलाधिकारी द्वारा शुरू कराए गए विकास कार्यों और परियोजनाओं को भी गति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों और संचालित परियोजनाओं की समीक्षा की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। राजस्व न्यायालयों से जुड़े मामलों को भी गंभीरता से लिया जाएगा ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके।
मुख्यमंत्री के निर्देशों का उल्लेख करते हुए उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य संस्कृति में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी समय से कार्यालय पहुंचें, जनता की समस्याएं सुनें और कार्यों में किसी प्रकार की देरी या लापरवाही न बरतें।
भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में सिंह ने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक की जाएगी और प्राप्त शिकायतों व इनपुट के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे।
