फरहेदी हत्याकांड:बहन को मारने के बाद छत पर जाकर सो गया था विक्की

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

कुंदरकी, अमृत विचार। फरहेदी गांव में रविवार रात भाई विक्की द्वारा अपनी बहन रीता का गला रेत हत्या करने की घटना से क्षेत्र में डर और चिंता का माहौल है। बेखौफ विक्की बहन की हत्या करने के बाद छत पर जाकर सो गया। हर किसी की जुबां पर हत्याकांड की चर्चा है। झगड़ालू प्रवृत्ति का विक्की भाई पर जानलेवा हमला कर चुका है तो छेड़छाड़ के मामले में जेल भी जा चुका है। घर वाले भी उसकी हरकतों से परेशान हो चुके थे।

पुलिस विक्की से पूछताछ कर रही है। देखा जा रहा है कि हत्याकांड को उसने अकेले ही अंजाम दिया या कोई और भी उसके साथ था। रात में लगभग जब एक बजे परिवारवाले घर लौटे तो बेटी का शव देखकर सन्न रह गए। घर में विक्की कहीं दिखाई नहीं दिया। जब उसे तलाश करने लगे तो वह खून से सने कपड़े पहने छत पर सोता मिला। जिसने भी यह वारदात सुनी वह सन्न रह गया। ग्रामीण घरों से बाहर निकलने में घबरा रहे हैं, विशेषकर महिलाएं। जहां भी लोग इकट्ठा हो रहे हैं, उनके बीच इसी घटना को लेकर चर्चा है। पड़ोसियों का कहना, विक्की घर में हमेशा झगड़ा करता रहता था। बहन रीता से छोटे-मोटे विवाद आए दिन होते थे। पिता के साथ भी चीख-चिल्लाकर बात करता। 

होली के दिन भाई भोला पर जानलेवा हमला कर चुका है। आरोपी विक्की ने खून के रिश्तों को तार-तार कर दिया। हालांकि, उसका कोई विशेष आपराधिक रिकार्ड नहीं है, लेकिन छेड़छाड़ का मामला व एससी-एसटी एक्ट के तहत जेल जा चुका है। ग्रामीणों ने कहा, ''ऐसा लड़का घर में था तो किसी न किसी की जान को खतरा था ही। पिता भी रोते हुए बोले विक्की ने मेरी बेटी को मार डाला, इसे सजा मिलनी चाहिए। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ में जुटी है। क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया, घरेलू कलह मुख्य वजह लग रही। पीएम रिपोर्ट व फॉरेंसिक जांच से जल्द खुलासा। क्षेत्र में सतर्कता बरतने की अपील की है।

 

संबंधित समाचार