लखनऊ में 20 करोड़ से बनेगा कम्यूनिटी सेंटर: हाॅल, स्वीमिंग पूल, जिम, कैफेटेरिया, योगा सेंटर आदि सुविधा मिलेगी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : गोमती नगर विस्तार में रिवर व्यू अपार्टमेंट के आवंटियों के लिए 20 करोड़ रुपये से पीपीपी मोड पर आलीशान कम्यूनिटी सेंटर बनेगा। जो हाॅल, डाइनिंग एरिया, जिम, कैफेटेरिया, योगा सेंटर व स्वीमिंग पूल जैसी सुविधाओं से लैस रहेगा। मंगलवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के समक्ष परियोजना का प्रेजेंटेशन दिया गया, जिस पर पीपीपी मोड पर निर्माण कराने के लिए आरएफपी आमंत्रित करने के निर्देश दिए।

मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में सरस्वती अपार्टमेंट के पास लगभग 2900 वर्गमीटर क्षेत्रफल में कम्यूनिटी सेंटर का निर्माण होगा। यह कम्यूनिटी सेंटर तीन मंजिल का होगा, इसमें बेसमेंट पार्किंग की सुविधा दी जाएगी। यहां कार्यक्रम आयोजित करने के लिए मल्टीपर्पज हॉल व लॉन के साथ ही किचन, डाइनिंग एरिया, आठ कमरे व दो सुइट होंगे। इसके अलावा इन्डोर गेम्स, जिम, योगा सेंटर, कैफेटेरिया व स्वीमिंग पूल की भी सुविधा रहेगी। बिल्डिंग के रूफ टाॅप पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। 

इससे विद्युत व्यय भार नियंत्रित रहेगा। बिल्डिंग की डिजाइन काफी आकर्षक होगी। निर्माण पूर्ण होने के बाद संचालन के लिए समिति गठित की जाएगी। इसमें गोमती नगर महाकल्याण समिति के पदाधिकारियों को शामिल किया जाएगा। बैठक में मुख्य नगर नियोजक केके गौतम, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा व अधिशासी अभियंता अजीत सिंह समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : 
लखनऊ रूट पर 10 घंटे तक देरी से चल रहीं ट्रेनें, तकनीकी कार्यों और मेगा ब्लॉक का असर

 

 

 

संबंधित समाचार