Ganga Expressway में स्पीड लिमिट तोड़ने का No Chance, मिलेगा हाई-टेक सिस्टम और वर्ल्ड क्लास सुविधाएं, देखें Video
लखनऊ/ हरदोईः उत्तर प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। देश का सबसे अनोखा, हाईटेक और सुविधाओं से लैस 6 लेन ग्रीन फील्ड गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 29 अप्रैल को कर दिया है।
यह सिर्फ एक एक्सप्रेसवे नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा की नई मिसाल है। इस रोड़ का निर्माण बड़े ही कम समय में किया जा गया। आइए जानते हैं इस गंगा एक्सप्रेसवे की कुछ खासियतें… महज 5 घंटे में पूरा होगा 600 किलोमीटर का सफर! यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के 12 जिलों और 519 गांवों को जोड़ता है। 30 अप्रैल से आम जनता इस पर गाड़ियां दौड़ाने लगेगी।
इस पूरे 600 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे पर बनाए गए हैं 9 वर्ल्ड क्लास फैसिलिटी सेंटर्स। इनमें 24 घंटे पेट्रोल, डीजल, CNG, इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन, फूड कोर्ट, कैफेटेरिया, डॉर्मिटरी, स्पा, 200 कारों और 20 ट्रकों की पार्किंग जैसी तमाम सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
देश में पहली बार किसी एक्सप्रेसवे पर ट्रॉमा सेंटर की सुविधा दी गई है। दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तुरंत मेडिकल सुविधा मिल सके, इसके लिए सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों के साथ टाई-अप किया गया है।
सुरक्षा के लिहाज से यह एक्सप्रेसवे पूरी तरह हाईटेक है। 120 किमी प्रति घंटा की स्पीड के हिसाब से डिजाइन किए गए इस एक्सप्रेसवे पर हर 500 मीटर पर हाई-रेजोल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं। पूरे रूट पर 24×7 निगरानी रहेगी। कोहरे और नींद से बचाने के लिए रेडियम पट्टियां, लेन-एंड-स्ट्रिप्स और स्मार्ट अलर्ट सिस्टम भी लगाए गए हैं।
एक्सप्रेसवे को उच्च गुणवत्ता वाले तारकोल से बनाया गया है, ताकि गर्मी में भी टायर फटने जैसी घटनाएं न हों। पूरे रूट पर 2 मीटर ऊंची सीमेंटेड दीवार बनाई गई है, जो अवैध एंट्री और जानवरों को रोकने में मदद करेगी।
यह सिर्फ ट्रांसपोर्ट का रास्ता नहीं है। गंगा एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, लॉजिस्टिक हब और मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का भी केंद्र बनेगा। साथ ही यह आस्था का कॉरिडोर भी है, जो हरिद्वार से प्रयागराज और वाराणसी तक के तीर्थयात्रियों के लिए यात्रा को और आसान बनाएगा। भविष्य में इसे 8 लेन तक विस्तारित करने की भी योजना है।
गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश को न सिर्फ तेज गति देगा, बल्कि रोजगार, उद्योग और पर्यटन को भी नई उड़ान देगा।
