Moradabad:दिल्ली नेशनल हाईवे पर रईसजादों ने चलती कार की छत पर किया जानलेवा स्टंट
मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद-दिल्ली नेशनल हाईवे पर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ युवक नेशनल हाईवे पर चलती कार की छत पर बैठकर जानलेवा स्टंट करते दिख रहे हैं। इससे पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहा है। हालांकि अमृत विचार किसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
बताया जा रहा है कि मामला मझोला थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस के पास से गुजरने वाले नेशनल हाईवे का है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि यूपी 25 नंबर की तेज रफ्तार कार की छत पर दो युवक बैठकर खुलेआम खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। इसमें वह न सिर्फ अपनी जान खतरे में डाल रहे बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों को भी बड़े जोखिम में डाल रहे हैं।
इस खतरनाक स्टंट का वीडियो पीछे चल रही एक अन्य गाड़ी में सवार युवकों ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इससे पुलिस के यातायात नियमों पर भी सवाल खड़ा हो रहा है। लेकिन ऐसे स्टंटबाजों के हौसले नहीं हो रहे हैं। एसपी ट्रैफिक सुभाष चन्द्र गंगवार ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
