ये करोड़ों सनातनियों का अपमान है !... गंगा में स्नान के दौरान युवक ने किया बीयर सेवन, अधिवक्ता ने की पुलिस से शिकायत
वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी में गंगा में नाव पर बिरयानी पार्टी के बाद स्नान करते समय एक युवक द्वारा बीयर पीने का मामला सुर्खियों में है। शुक्रवार को 'द बनारस बार एसोसिएशन' के वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधि प्रकोष्ठ के काशी क्षेत्र के संयोजक शशांक शेखर त्रिपाठी ने दशाश्वमेध पुलिस को लिखित शिकायत कर मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
त्रिपाठी ने बताया कि सुबह सोशल मीडिया अकाउंट देख रहे थे, तभी एक वीडियो उनके सामने आया जिसमें एक युवक गंगा में स्नान करते हुए बीयर पी रहा है। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

उन्होंने कहा, " मां गंगा करोड़ों सनातनी हिंदुओं की आस्था का प्रतीक हैं। हम मां गंगा की पूजा करते हैं। स्नान के दौरान मद्यपान करना करोड़ों लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाता है। इस तरह का कृत्य धार्मिक भावनाओं को आहत करता है। वाराणसी पुलिस को इस मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए दोषी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करनी चाहिए। भविष्य में ऐसे अवांछनीय तत्वों का मनोबल न बढ़े, इसके लिए कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।"
गौरतलब है कि इससे पहले नाव पर बैठकर बिरयानी पार्टी करने वालों को जेल हुई थी। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच की जा रही है। युवक की पहचान और स्थान स्पष्ट होने पर कार्रवाई की जाएगी।
