UP: मजदूर के खाते में आए 31000000000 रुपए, पत्नी संजोने लगी सपने…और फिर …

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कन्नौज। हाल ही में ग्वालियर (मध्य प्रदेश) का एक मामला सामने आया था। जहां एक महिला उपभोक्ता को ₹3,419 करोड़ का बिजली बिल मिलने के बाद उसका ब्लड प्रेशर बढ़ गया और हार्ट की बीमारी से पीड़ित उसके ससुर को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बकौल बिजली कंपनी, यह मानवीय भूल थी और कर्मचारियों के …

कन्नौज। हाल ही में ग्वालियर (मध्य प्रदेश) का एक मामला सामने आया था। जहां एक महिला उपभोक्ता को ₹3,419 करोड़ का बिजली बिल मिलने के बाद उसका ब्लड प्रेशर बढ़ गया और हार्ट की बीमारी से पीड़ित उसके ससुर को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बकौल बिजली कंपनी, यह मानवीय भूल थी और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उपभोक्ता को ₹1,300 का संशोधित बिल जारी किया गया था।

अब कुछ ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश से सामने आया है। जहां कन्नौज में किसान निधि की रकम चेक करने मिनी बैंक गए बिहारी लाल नामक मजदूर को 2 स्टेटमेंट में बैंक खाते में ₹31,07,49,45,625 दिखाई दिए। बकौल मजदूर, अगले दिन रुपए वापस हो गए थे। बैंक ऑफ इंडिया के एलडीएम अभिषेक सिंह के अनुसार, अरबों रुपए जमा होने की बात गलत है व उस खाते में ₹126 ही हैं।

यह बिहारीलाल के बैंक अकाउंट का स्टेटमेंट है। इसमें देखा जा सकता है कि उसके खाते में 31 अरब रुपए आए थे।

क्या है मामला?
कन्नौज में एक ईंट-भट्‌ठा मजदूर के खाते में 31 अरब रुपए आ गए। यह जानकर मजदूर को भी विश्वास नहीं हुआ। वह इतना खुश हुआ कि उसने पूरे गांव में शोर मचा दिया। पत्नी भी गहने और गाड़ी-बंगला खरीदने का सपना देखने लगी। खुशी इतनी थी कि मजदूर और उसके परिजन रातभर सो भी नहीं सके।

मजदूर सोमवार सुबह बैंक ऑफ इंडिया अकाउंट चेक कराने पहुंचा तो उसकी खुशियां मायूसी में बदल गईं। पता चला कि उसके खाते में आए सारे रुपए वापस हो गए हैं। अब उसके अकाउंट में महज 126 रुपए ही बचे हुए हैं।

छिबरामऊ के कमालपुर गांव में रहने वाले 45 साल के बिहारी लाल राजस्थान के एक ईंट-भट्‌ठे पर ईंट पथाई का काम करते हैं। वे एक दिन में 700 रुपए और महीने में 20 हजार के करीब रुपए कमा लेते हैं। बारिश में ईंट पथाई का काम बंद हो जाता है। इसलिए, वे इस समय अपने गांव लौट आए हैं।

पत्नी सरिता इतने रुपए अकाउंट में आने की बात जान बहुत सारे सपने संजोने लगी थी।

बिहारी लाल बताते हैं, रविवार को मुझे कुछ रुपए की जरूरत थी। बैंक बंद था, इसलिए गांव में ही बैंक मित्र के पास रुपए निकालने पहुंचा। वहां बैंक मित्र ने मेरा खाता चेक किया तो उसकी बोलती बंद हो गई। कम से कम तीन बार उसने खाता चेक किया। फिर उसने बताया कि मेरे खाते में 31 अरब रुपए आ गए हैं। सुन कर मुझे भी विश्वास नहीं हुआ। उसने बैंक की स्लिप (बैंक स्टेटमेंट) निकाल कर भी दी।

मैंने उसी समय दस हजार रुपए भी निकालने को कहे तो उस समय पैसा नहीं निकला। फिर भी मैं इतना खुश हो गया कि मैंने पूरे गांव में यह बात बता दी। उस समय मैं शराब भी पिए हुआ था। सोमवार को जब मैं बैंक गया तो वहां काफी भीड़ थी। इसलिए, मैंने खाता नहीं चेक किया। शाम को जब फिर बैंक मित्र के पास गया तो उसने बताया कि वे रुपए अब वापस हो चुके हैं। अब मैं फिर से अपना खाता चेक करने बैंक जाऊंगा।”

बैंक ऑफ इंडिया में बिहारीलाल का खाता है।

सपने संजोने लगी पत्नी
अकाउंट में 31 अरब रुपए आने के सवाल पर ​​​​​​बिहारीलाल की पत्नी सरिता हंस पड़ीं। मगर, उनके चेहरे पर रुपए लौटने का दुख भी था। दुख को छिपाते हुए कहती हैं, जब पता चला कि इतने ज्यादा रुपए आ गए हैं तो मेरे दिमाग में बस यही बात थी कि मैं अपना एक अच्छा सा घर बना लूं। बेटी सयानी हो गई है, उसकी शादी करवा दूं और बेटे को कुछ काम-धंधा करवा दूंगी।

अगले दिन ही यह सपना टूट गया। ये (पति बिहारीलाल) पिछले 20 साल से मजदूरी करने राजस्थान जाते हैं। पीने-खाने की भी आदत है। 5 बेटियां हैं और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा कुछ करता नहीं है। कभी कभी तो खाना भी ढंग से नसीब नहीं होता है। यही वजह है कि मैं सपने संजोने लगी थी।

बैंक खाता हो गया है सील
खाते में 31 अरब रुपए आने के बाद बिहारीलाल का खाता सील कर दिया गया है। अब उससे रह रह कर कुछ रुपए भी कट रहे हैं। बिहारीलाल कहते हैं, ‘मेरे खाते में रुपए आए थे। उसमें से कुछ हमें तो दे देते। यह बात मैं बैंक अधिकारियों से पूछूंगा।

यह तस्वीर उसी बैंक की है, जहां बिहारीलाल का खाता है।

क्या बोले बैंक मैनेजर?
बैंक ऑफ इंडिया के बैंक मैनेजर वीरेश चंद्र पाल बताते हैं, यह भ्रामक खबर है। मैंने उसका एकाउंट चेक किया है। उसमें मात्र 126 रुपए खाते में हैं। यह बिहारीलाल को भ्रमित कर बैंक के प्रति गलत अफवाह फैलाई गई है। जो स्क्रीन शॉट वह दिखा रहा है। वह गलत है। मेरे बैंक का स्क्रीन शॉट अलग है। यह बैंक मित्र की गलती है। उसका विनय कुमार नाम है। उसके खिलाफ हम कार्रवाई करेंगे। बिहारीलाल के खाते में बीते दिनों 2 हजार रुपए ही आए हैं। वह भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के हैं।

ये भी पढ़ें : मध्य प्रदेश: 34000000000 रुपए का बिजली बिल देख अस्पताल में भर्ती ससुर

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज