26 जनवरी : इस बार गणतंत्र दिवस की परेड में इतिहास में पहली बार क्या-क्या हुआ...देखें VIDEO
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 74वें गणतंत्र दिवस के मौके पर गुरुवार को कर्तव्य पथ पर तिरंगा फहराया। राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के बाद 21 तोपों की सलामी दी गई और गणतंत्र दिवस परेड की शुरुआत हो गई है। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर गुरुवार को शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान पीएम के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार व भारतीय वायु सेना प्रमुख वी.आर. चौधरी भी मौजूद रहे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को देश के 74वें गणतंत्र दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया, एकता, सद्भावना, समानता और संप्रभुता हमारे संविधान के आधार स्तंभ व हमारे गणतंत्र की आत्मा हैं। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने लिखा, संविधान के मूल्यों व आदर्शों को बनाए रखने का संकल्प लें व देश की प्रगति में भागीदारी निभाएं।
मई 2022 में जम्मू-कश्मीर के बारामूला में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए 'बिंदास भाई' निकनेम वाले शहीद पुलिसकर्मी मुदसिर शेख को केंद्र ने शौर्य चक्र से सम्मानित करने का एलान किया है। कश्मीर ज़ोन पुलिस ने उनकी तस्वीर शेयर करते हुए ट्वीट किया कि शेख ने 3 विदेशी आतंकियों को ढेर करने के दौरान असाधारण वीरता दिखाई थी।
इतिहास में पहली बार
राजपथ का नाम कर्तव्य पथ होने के बाद हुई पहली गणतंत्र दिवस परेड में बीएसएफ के ऊंट दस्ते में पहली बार महिलाएं शामिल हुईं। गणतंत्र दिवस पर पहली बार मिस्र का कोई नेता मुख्य अतिथि बना और पहली बार स्वदेश निर्मित गन से सलामी दी गई। नेवी का आईएल-38 विमान पहली व आखिरी बार इस परेड में शामिल हुआ।
मिस्र की सैन्य टुकड़ी ने गुरुवार को पहली बार भारत के 74वें गणतंत्र दिवस परेड में कर्तव्य पथ पर मार्च किया। कर्नल महमूद मोहम्मद अब्देल फतह अल खारसावी के नेतृत्व में 144 सैनिकों ने मार्च में हिस्सा लिया। दरअसल, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी पहली बार मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुए हैं।
दिल्ली पुलिस का महिला पाइप बैंड गुरुवार को पहली बार गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुआ। ये महिला पुलिसकर्मी दिल्ली पुलिस के बैंड का हिस्सा थीं। पुलिस निरीक्षक राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस के बैंड ने कर्तव्य पथ पर मार्च किया। उन्होंने दिल्ली पुलिस का गीत की धुन बजाई। सहायक पुलिस आयुक्त और भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी श्वेता के. सुगथन ने इस साल परेड में मार्च करने वाली दिल्ली पुलिस की टुकड़ी का नेतृत्व किया। इस बार टुकड़ी में एक राजपत्रित अधिकारी, तीन पुलिस उप निरीक्षक 44 हेड कांस्टेबल और 100 कांस्टेबल शामिल थे। सभी ने लाल रंग का साफा बांध रखा था। दिल्ली पुलिस की इस टुकड़ी के सभी सदस्य छह फुट से अधिक लंबे हैं।
ये भी पढ़ें- जैव विविधता संरक्षण और चीतों की वापसी CPWD की झांकी के मुख्य आकर्षण रहे
